Trump India Visit: 'नमस्ते' का मतलब और 'कहां है ताज महल, अमेरिका में गूगल सर्च कर रहे लोग
डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा से पहले अमेरिकी गूगल पर नमस्ते का मतलब और कहां है ताज महल ढूंढ रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा से पहले अमेरिकी गूगल पर 'नमस्ते' का मतलब और 'कहां है ताज महल ढूंढ रहे हैं। ये कुछ ऐसा ही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका जाने से पहले भारतीय 'हाउडी मोदी' की परिभाषा तलाश रहे थे। पीएम मोदी ने अमेरिका के ह्यूसटन में हुए हाउडी कार्यक्रम में करीब 50 हजार से ज्यादा लोगों को संबोधित किया था। डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अहमदाबाद के मोटेरे स्टेडियम में एक लाख से ज्यादा लोगों को संबोधित किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो दिवसीय भारत दौरे पर आए हुए हैं। ट्रंप पहली बार अपनी पत्नी मेलानिया व बेटी-दामाद इवांका और जेरेड के साथ भारत पहुंचे तो अमेरिकी लोगों ने इस टूर के बारे जानने के लिए गूगल सर्च करना शुरू कर दिया। वहां अमेरिका के लोग गूगल से पूछ रहे हैं- What Is India यानि भारत क्या है? गूगल पर अमेरिका में ये सर्च सोमवार को टॉप ट्रेंड में रहा। वहीं इसके अलावा 'नमस्ते' का मतलब भी अमेरिकी ढूंढ रहे हैं।
दरअसल, गुजरात के अहमदाबाद स्थित मोटेरा स्टेडियम में 'नमस्ते ट्रंप' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। ऐसे में लोग नमस्ते का मतलब गूगल पर सर्च करते रहे। यही नहीं, दूसरे दिन भी अमेरिकी लोगों ने भारत के बारे में जानकारी गूगल पर तलाशी। अमेरिका में दूसरे दिन भारत का मैप, भारत की राजधानी, भारत की जनसंख्या और ताज महल कहां है टॉप ट्रेंडिंग सर्च रहे। ये ट्रेंडिंग अमेरिका के न्यू जर्सी, इंडियाना, जॉर्जिया और कोलंबिया में इन टॉपिक्स को सबसे ज्यादा सर्च किया गया।
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को सुबह लगभग 11:40 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे थे। इसके बाद ट्रंप साबरमती आश्रम गए और वहां महात्मा गांधी का नमन कर चरखा चलाया। फिर मोटेरा स्टेडियम पहुंचे। यहां एक लाख से ज्यादा लोगों को संबोधित किया और इस दौरान भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। मोटेरे से सीधे ट्रंप आगरा ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। आज ट्रंप दिल्ली में हैं।