हर घर तिरंगा अभियान शुरू, लहराया राष्ट्रध्वज; 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत किया जा रहा आयोजन
Har Ghar Tiranga रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुगलों के खिलाफ युद्ध का नेतृत्व करने वाले दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का जोधपुर में अनावरण किया। भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने हिमाचल प्रदेश के ऊना में प्रभातफेरी में हिस्सा लिया।
नई दिल्ली, एजेंसी। आजादी के 75वें वर्ष में हर घर तिरंगा अभियान शनिवार को शुरू हो गया। इस कार्यक्रम का आयोजन 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत किया जा रहा है। इस अवसर पर मंत्रियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों से लेकर आम लोगों ने अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रदर्शित किया। कुछ स्थानों पर लोगों ने तिरंगे के साथ जुलूस भी निकाला। भाजपा नेताओं ने भी प्रभातफेरी और तिरंगा रैली निकाली तथा अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने का आग्रह किया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने-अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और इंटरनेट मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट कीं। शाह ने ट्वीट किया, तिरंगा हमारा गौरव है। यह हर भारतीय को एकजुट और प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर आज मैंने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया। मैंने मातृभूमि के लिए अपना सब कुछ बलिदान करने वाले अपने वीर नायकों को श्रद्धांजलि दी। शाह ने लोगों से भी अनुरोध किया कि वे देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराएं। राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करें। वे पहले भी इस तरह का अनुरोध कर चुके हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुगलों के खिलाफ युद्ध का नेतृत्व करने वाले दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का जोधपुर में अनावरण किया। भाजपा महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने हिमाचल प्रदेश के ऊना में प्रभातफेरी में हिस्सा लिया।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित की गई प्रदर्शनी
स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के तहत भाजपा ने अपने मुख्यालय में 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' की पूर्व संध्या पर एक प्रदर्शनी भी आयोजित की। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल एलान किया था कि अब से 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के तौर पर याद किया जाएगा।