यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पूर्व राष्ट्रपति कलाम की जयंती पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- समाज के हर वर्ग के साथ बिठाया था तालमेल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करते हुए पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि दी। साथ ही कहा कि ...और पढ़ें

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की आज जयंती है। पीएम मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने डॉक्टर कलाम को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'मैं पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि देता हूं। एक वैज्ञानिक और एक राष्ट्रपति के रूप में हमारे देश में उनके योगदान के लिए उनकी बहुत प्रशंसा की जाती है। डॉक्टर कलाम ने अपने जीवन में समाज के हर वर्ग के साथ तालमेल बिठाया था।'
Tributes to our former President Dr. APJ Abdul Kalam. He is greatly admired for his contribution to our nation as a scientist and as a President who struck a chord with every section of society. pic.twitter.com/vPwICWxA3u
— Narendra Modi (@narendramodi) October 15, 2022
अमित शाह ने युवाओं से उनके विचारों को पढ़ने का किया आग्रह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि देते हुए याद किया। अमित शाह ने कहा कि डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम जी ने राष्ट्रपति के रूप में देश का गौरव बढ़ाया। वैज्ञानिक के रूप में अपने ज्ञान व सामर्थ्य से देश को सशक्त बनाया और राष्ट्रवादी नागरिक के रूप में आदर्श स्थापित किये। उनकी जयंती पर उन्हें नमन करता हूं और युवाओं से उनके विचारों को पढ़ने का आग्रह करता हूं।

सैन्य मिसाइल के विकास कार्यों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे कलाम
भारत के पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अब्दुल कलाम की जयंति पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं। पूर्व राष्ट्रपति कलाम नागरिक अंतरिक्ष कार्यक्रम और सैन्य मिसाइल के विकास कार्यों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि कलाम के विचार युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
रामेश्वरम के पास हुआ था कलाम का जन्म
बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम के पास धनुषकोडी गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम अवुल पकिर जैनुलाब्दीन अब्दुल कलाम था। 2002 में उन्हें भारत के राष्ट्रपति के रूप में चुना गया था। 27 जुलाई 2015 को कलाम का निधन हुआ था।
