विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MDR लागू होने से पहले ही यूपीआई लेन-देन में शुरू हो गई आनाकानी, कैश का दबाव बना रहे व्यापारी

Published: Sat, 19 Sep 2026 11:45 PM (IST)

15 अक्टूबर से 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर एमडीआर लागू होने का विरोध शुरू हो गया है।

यूपीआई लेन-देन में शुरू हो गई आनाकानी।  (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

यूपीआई लेन-देन में शुरू हो गई आनाकानी। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. 15 अक्टूबर से 2000 रुपये से अधिक यूपीआई भुगतान पर एमडीआर.

  2. यूपी, एमपी, हरियाणा में व्यापारी व पेट्रोल पंप कर रहे विरोध.

  3. मध्य प्रदेश में 23 सितंबर को 'नो-यूपीआई दिवस' मनाने की तैयारी.

जागरण टीम, नई दिल्ली। दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 15 अक्टूबर से मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू होना है, लेकिन अभी से इसका विरोध होने लगा है।

गाजियाबाद में व्यापारी यूपीआई से भुगतान लेने में आनाकानी करने लगे हैं तो झांसी में कुछ पेट्रोल पंपों ने यूपीआई से पेमेंट नहीं लेने की सूचना चस्पा कर दी है। हरियाणा के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर रात के समय स्कैनर व्यवस्था काफी कम कर दी गई है। मध्य प्रदेश के व्यापारियों ने 23 सितंबर को नो-यूपीआई दिवस मनाने का निर्णय लिया है। उस दिन वे यूपीआई से भुगतान नहीं लेंगे।

इंदौर में 23 सितंबर को नो-यूपीआई दिवस

राजधानी दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में इसका कोई असर नहीं है, लेकिन, मध्य प्रदेश के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर विरोध दिखने लगा है। मध्य प्रदेश के 125 व्यापारी संगठनों ने शनिवार को इंदौर में बैठक कर 23 सितंबर को नो-यूपीआई दिवस मनाने का निर्णय लिया है।

मध्य प्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने कहा है कि पेट्रोल पंप 16 अक्टूबर से दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि हमने अपने राज्य स्तरीय समन्वयक को भी पत्र लिखा है।

यूपीआई के जरिये 2 हजार से अधिक का पेट्रोल-डीजल नहीं देने का नोटिस

झांसी में कुछ पेट्रोल पंपों पर यूपीआई के जरिये 2 हजार से अधिक का पेट्रोल-डीजल नहीं देने का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। हालांकि झांसी पेट्रोल-डीजल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव बब्बर का कहना है कि संगठन स्तर पर ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। पंप पर लगी सूचनाएं संचालकों का व्यक्तिगत फैसला हो सकती हैं।

गाजियाबाद में दुकानदार मांग रहे कैश

गाजियाबाद में कुछ दुकानदारों ने ग्राहकों से नकदी की मांग करनी शुरू कर दी है। एक कन्फेक्शनरी शॉप के बाहर नोटिस लगाया गया है कि यूपीआई से भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। कुछ हेयर सैलून के बाहर भी यूपीआई के बजाय नकद में भुगतान करने के लिए नोटिस चस्पा कर दिया गया है।

पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने वित्त मंत्री को लिखा पत्र

गाजियाबाद पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री बृजमोहन सिंघल का कहना है कि पहले क्रेडिट कार्ड से भुगतान पर भी फ्लैट पांच रुपये पंप संचालक के खाते से कटते थे, जो सरकार वापस भेजती थी।

एसोसिएशन ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि पेट्रोलियम पदार्थ में इतना मार्जिन नहीं है, इसलिए पेट्रोल पंप संचालकों का नुकसान होगा। इसके चलते क्रेडिट कार्ड जैसी पांच रुपये वापस खाते में आने की व्यवस्था ऑनलाइन पेमेंट के लिए भी की जाए।

हिसार में ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि एसोसिएशन ने वित्तमंत्री और पेट्रोलियम मंत्री को पत्र भेजकर पेट्रोल पंपों को एमडीआर से पूरी छूट देने की मांग की है। पटना समेत कई जगह की एसोसिएशन ने भी वित्त मंत्री को पत्र लिखकर राहत की मांग उठाई है।