अखिलेश के ट्वीट से छलका दर्द, बताया कठोर कार्रवाई बेहद जरूरी
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा में तख्तापलट की कार्रवाई को जरूरी बताते हुए रात में एक ट्वीट किया जिसमें उनका दर्द भी छलकता दिखाई दिया।
नई दिल्ली (जेएनएन)। वर्चस्व की जंग में दो फाड़ हुई समाजवादी पार्टी (सपा) में नए साल की सुबह को जिस रूप में देखा उसका अनुमान पहले शायद ही किसी को रहा होगा। सपा में हुए इस तख्तापलट के बाद मुलायम सिंह यादव को अध्यक्ष पद से हटाकर उनके पुत्र व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया। वहींं शिवपाल यादव को प्रदेश अध्यक्ष पद और अमर सिंह को पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया। मुलायम को संरक्षक की भूमिका दी गई है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी इस कठोर कार्रवाई को जरूरी बताते हुए रात में एक ट्वीट भी किया जिसमें उनका दर्द भी छलकता दिखाई दिया। इसमें उन्होंने कहा कि ''जिन्हें आप प्यार करते हैं, कभी उन्हें बचाने के लिए सही फैसला करना पड़ता है। मैंने आज कड़ा निर्णय लिया लेकिन यह मुझे लेना ही था।''
Sometimes to protect the ones you love you must make the right decision. What I did today was a tough decision but one that I had to take. pic.twitter.com/M5xZYEZhii
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) 1 January 2017
हालांकि खुुद को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से बौखलाए मुलायम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अधिवेशन को ही अवैध घोषित कर दिया। फिर अधिवेशन के सूत्रधार प्रो. रामगोपाल यादव, किरनमय नंदा और नरेश अग्रवाल को सपा से निष्कासित कर दिया। मुलायम ने पांच जनवरी को सपा का राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाया है। दूसरी ओर अखिलेश ने विधान परिषद सदस्य नरेश उत्तम को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अरे समाजवादी पार्टी मेरी : मुलायम
करीब 25 वर्ष तक खून पसीने से सींची गई समाजवादी पार्टी को मुकाम देने वाले मुलायम सिंह यादव रविवार को उस वक्त हैरान हो गए जब उनको राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने की जानकारी मिली। यह सुनते ही उनके मुंह से बेसाख्ता निकला-'समाजवादी पार्टी मेरी है, इसे मैंने बनाया है। अखिलेश और रामपाल (रामगोपाल) यह भी कर सकते हैं।'
विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास से ही अधिवेशन पर मुलायम नजर रखे हुए थे और जनेश्वर मिश्र पार्क के घटनाक्रम की पल-पल की खबर भी ले रहे थे। सूत्रों का कहना है कि मुलायम को भरोसा नहीं हुआ कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाया गया है। उन्हें उम्मीद थी कि अखिलेश कार्यकारी अध्यक्ष बनेंगे और उनका सम्मान बरकरार रखेंगे। मुलायम के आवास पर कई कैबिनेट मंत्री डटे रहे, जिसमें गायत्री प्रसाद प्रजापति प्रमुख थे। शिवपाल सिंह यादव अपने बेटे आदित्य के साथ मुलायम सिंह के आवास पर आते- जाते रहे।
सपा में अब न कोई विवाद, न गुट : आजम
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां ने रविवार को यहां दो टूक कहा, समाजवादी पार्टी में न कोई गुट है न अब कोई विवाद। पूर्व महाधिवक्ता स्व. एसएमए काजमी के बेटे के दावत-ए-वलीमा में शिरकत करने आए आजम खां ने मीडिया से अनौपचारिक वार्ता में यह बातें कहीं। केपी कम्युनिटी हाल में मीडिया से संक्षिप्त वार्ता में आजम खां ने इतना ही कहा कि पार्टी के लिए जो उचित है, वह वरिष्ठ नेता कर रहे हैं। परिवार में कुछ मनमुटाव है वह जल्द ही सुलझ जाएगा। लखनऊ में रविवार के घटनाक्रम पर उन्होंने कहा अब किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। आजम खां के इलाहाबाद आने पर सपाइयों ने उनका स्वागत किया। सर्किट हाउस में बड़ी संख्या में पार्टीजन मौजूद रहे।
शिवपाल ने गुनगुनाया- कसमें, वादे, प्यार, वफा सब बाते हैं बातों का क्या
आज दिल्ली जाएंगे मुलायम, शिवपाल
समाजवादी पार्टी में कार्रवाई, दांव-पेंच के दौर में मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव सोमवार को दिल्ली जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में वह पार्टी के घटनाक्रम के पहलुओं पर विधि विशेषज्ञों से चर्चा करने के साथ दूसरे दलों के कुछ नेताओं से मुलाकात भी करेंगे। दूसरी ओर राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिलेश यादव को अध्यक्ष नामित किए जाने के बाद इससे जुड़े सारे दस्तावेज लेकर प्रो. राम गोपाल यादव रविवार को ही दिल्ली रवाना हो गए।
मुलायम का स्वास्थ्य बिगड़ा
रविवार की देर शाम मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य बिगड़ गया। जिसकी जानकारी मिलने पर ताज होटल में पार्टी कर रहे शिवपाल यादव सीधे मुलायम के घर पहुंचे। डॉक्टरों को बुलाया गया। बाद में बताया गया कि मुलायम के दांत में तेज दर्द था। डॉक्टरों ने दवा देने के साथ उन्हें आराम करने की सलाह दी।
Shivpal Yadav reaches Mulayam Singh Yadav's residence in Lucknow as Mulayam's health check was conducted after high blood pressure complaint pic.twitter.com/T62N9gR8ke
— ANI UP (@ANINewsUP) 1 January 2017
सपा में तख्तापलट, पिता को हटा कर अखिलेश यादव बने राष्ट्रीय अध्यक्ष