COVID-19 in India: भारत में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 79 लाख 46 हजार के पार
देश भर में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 79 लाख 50 हजार के करीब पहुंचने वाला है वहीं पिछले 24 घंटों में 488 नए मौत के मामले आए हैं। इसके साथ ही अब तक देश भर में मरने वालों की संख्या 1 लाख 19 हजार 5 सौ 2 हो गई।
नई दिल्ली, एएनआइ। माह से अधिक समय बीत जाने के बाद मंगलवार को देश में पहली बार एक दिन में कोविड-19 के नए मामले 40 हजार से कम सामने आए हैं। साथ ही मृतकों का आंकड़ा भी 500 से कम रहा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में कोविड-19 के 36,470 नए मामले सामने आने के बाद अब तक कुल संक्रमण का आंकड़ा बढ़कर 79,46,429 हो गया है। 488 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,19,502 हो गया।
मंत्रालय के डाटा की माने तो अभी देश में 72,01,070 लोगों के संक्रमण से स्वस्थ हुए हैं यानि लोगों के स्वस्थ होने की दर 90.62 फीसद है। वहीं संक्रमण से होने वाली मृत्यु दर 1.50 फीसद है। देश में लगातार पांच दिन से उपचाराधीन लोगों की संख्या सात लाख से कम ही है। मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में कुल 6,25,857 सक्रिय मामले हैं जो कुल मामलों का 7.88 फीसद है।
भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख के पार , 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को 40 लाख के पार चली गई थी। इसके बाद भी संक्रमण के मामले यहीं नहीं रुके बल्कि 16 सितंबर को 50 लाख के पार, 28 सितंबर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 26 अक्टूबर तक कुल 10,44,20,894 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 9,58,116 नमूनों का परीक्षण सोमवार को ही किया गया।
मृतकों के नए 488 मामलों में से महाराष्ट्र के 84, पश्चिम बंगाल के 59, दिल्ली के 54, छत्तीसगढ़ के 43, कर्नाटक के 42 और तमिलनाडु के 32 हैं। अब तक देशभर में हुए कुल 1,19,502 मौतों में महाराष्ट्र से 43,348, तमिलनाडु से 10,956, कर्नाटक से 10,947, उत्तर प्रदेश से 6,904, आंध्र प्रदेश से 6,606, पश्चिम बंगाल से 6,546, दिल्ली से 6,312, पंजाब से 4,125 और गुजरात से 3,690 शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जोर दिया कि 70 फीसद से अधिक लोगों की मौत कोमोरबिडिटी (comorbidities) के कारण हुई। कोमोरबिडिटी का अर्थ है कोई गंभीर बीमारी है, जैसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, अस्थमा, एचआईवी, कैंसर और फेफड़े से जुड़ी समस्या।