Move to Jagran APP

आज की बड़ी खबरें, जिस पर है देश और दुनिया की नजरें

आज की बड़ी खबरें देश और दुनिया की उन प्रमुख खबरों पर एक नजर जिनका आम जनता से सीधा सरोकार है। यहां पढ़ें शुक्रवार एक अगस्त की प्रमुख खबरें।

By TaniskEdited By: Published: Sat, 01 Aug 2020 08:48 AM (IST)Updated: Sat, 01 Aug 2020 08:48 AM (IST)
आज की बड़ी खबरें, जिस पर है देश और दुनिया की नजरें
आज की बड़ी खबरें, जिस पर है देश और दुनिया की नजरें

नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस महामारी के बीच पीएम मोदी आज आज स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले को संबोधित करेंगे। वहीं आज देशभर में  ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर मध्यम वर्षा होगी। सियासत की बात करें तो राजस्थान में सियासी घमासान अभी जारी है। बागी विधायकों के मामले में हाई कोर्ट  के आदेश के खिलाफ राजस्थान कांग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या का मामला अब दो राज्यों महाराष्ट्र और बिहार के बीच राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। इसी बीच मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लांड्रिंग का केस दर्ज कर लिया है। बिहार पुलिस की एफआइआर पर आधारित मनी लांड्रिंग केस में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को भी आरोपी बनाया गया है।  दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड दो लाख 92 हजार 527 नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी अमेरिका, ब्राजील, भारत और दक्षिण अफ्रीका में हुई। इस दौरान 6,812 मरीजों की जान भी गई। 

loksabha election banner

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले (Grand Finale of Smart India Hackathon 2020) को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद ट्वीट करके यह जानकारी दी। इस दौरान 10 हजार से अधिक छात्र सरकारी विभागों और उद्योगों की 243 समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। पूरी खबर पढ़ें

देशभर में बकरीद मनाई जा रही है

कोरोना वायरस संक्रमण के बीच आज देशभर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई जा रही है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने ईद-उल-अजहा(बकरीद) पर अपने घर पर नमाज अदा की। उन्होंने कहा कि  ईद-उल-अज़हा की सभी देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। जिस तरह का कोरोना संकट आज पूरी दुनिया के सामने है उसकी वजह से इबादत तो हो रही है लेकिन हिफाजत के साथ और इस इबादत में जुनून और जज़्बे में कमी नहीं है। पूरी खबर पढ़ें 

दिल्ली समेत इन राज्यों में बारिश की संभावना 

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व पूर्वी राजस्थान में अनेक स्थानों पर मध्यम वर्षा होगी। पश्चिमी राजस्थान में कुच स्थानों पर हल्की वर्षा होगी। जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में अनेक स्थानों वर्षा व एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा संभव है। 

राजस्थान की सियासत: मुख्य सचेतक महेश जोशी पहुंचे सुप्रीम कोर्ट 

राजस्थान के बर्खास्त उपुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कांग्रेस के 19 बागी विधायकों के मामले में हाई कोर्ट  के आदेश के खिलाफ राजस्थान कांग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हाईकोर्ट ने बागी विधायकों के मामले में स्‍टे आदेश जारी किया था। याचिका में दलील दी गई है कि सुप्रीम कोर्ट ने साल 1992 में एक फैसला दिया था। इसमें कहा गया था कि अयोग्यता की कार्यवाही पर फैसला लेने का अधिकार अध्यक्ष को है जिसमें न्यायिक दखलंदाजी की इजाजत नहीं है। विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले को लेकर पिछले दिनों कांग्रेस विधायक विश्वेंद्र सिंह व भंवरलाल शर्मा की मध्यस्थ संजय जैल की हुई बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद चल रही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की जांच में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। मामले में कथित रूप से मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे आरोपित संजय जैन ने आवाज का सैंपल देने से इन्कार कर दिया। पूरी खबर पढ़ें

बिहार बनाम महाराष्ट्र का रंग लेता जा रहा सुशांत प्रकरण

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या का मामला अब दो राज्यों महाराष्ट्र और बिहार के बीच राजनीतिक रंग लेता जा रहा है। इस मामले की जांच सीबीआई से करवाए जाने के पक्ष में जहां बिहार के सभी दलों के नेता एकमत दिख रहे हैं, वहीं महाराष्ट्र भाजपा भी उनके साथ खड़ी दिखाई दे रही है। पटना में पैदा हुए सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई को अपनी कर्मभूमि बनाया और कई टीवी धारावाहिकों के अलावा करीब एक दर्जन फिल्मों में अभिनय किया। गत 14 जून को बांद्रा के एक फ्लैट में उनकी आत्महत्या के बाद से ही यह मामला विवादों में उलझता जा रहा है। इसी सप्ताह उनके पिता द्वारा पटना में प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद तो राजनीतिक गलियारों से बयानों की बाढ़ सी आ गई है। इसी बीच मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लांड्रिंग का केस दर्ज कर लिया है। बिहार पुलिस की एफआइआर पर आधारित मनी लांड्रिंग केस में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को भी आरोपी बनाया गया है। जल्द ही ईडी रिया चक्रवर्ती को पूछताछ के लिए समन करेगा। वहीं सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपनी बेगुनाही का दावा करते हुए अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने कहा कि उन्हें झूठा फंसाया गया है। उन्होंने याचिका दायर कर यह भी दावा किया कि वह अभिनेता के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। पूरी खबर पढ़ें

दुनियाभर में कोरोना संक्रमण का कहर जारी

दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में महामारी के नए केंद्र बन रहे हैं। यह खतरनाक वायरस अब देश के मध्य पश्चिमी प्रांतों में तेज गति से अपने पांव पसार रहा है।  इस बीच वाशिंगटन यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन का अनुमान है कि देश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा नवंबर तक दो लाख 30 हजार के स्तर तक पहुंच सकता है। ब्रिटेन में दूसरे दौर की महामारी के खतरे के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। ब्रिटेन के बाकी हिस्सों की तुलना में मैनचेस्टर समेत उत्तरी इंग्लैंड में शुक्रवार से लॉकडाउन को सख्ती से लागू कर दिया गया है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि शुक्रवार को दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड दो लाख 92 हजार 527 नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी अमेरिका, ब्राजील, भारत और दक्षिण अफ्रीका में हुई। इस दौरान 6,812 मरीजों की जान भी गई। पूरी खबर पढ़ें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.