छत्तीसगढ़ में लक्ष्य हासिल करने के लिए कांग्रेस फिर सदस्यों की संख्या बढ़ाने की कवायद में जुटने को तैयार
कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण कांग्रेस छत्तीसगढ़ सहित ज्यादातर राज्यों में पार्टी सदस्यता अभियान शुरू ही नहीं कर पाई। कोरोना की वजह से रुके कामों को गति देने की तैयारी चल रही है। कांग्रेस फिर सदस्यों की संख्या बढ़ाने की कवायद में जुटने की तैयारी में है।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार धीमी होने के साथ ही जनजीवन तेजी से सामान्य हो रहा है। राजनीतिक गतिविधियां बढ़ने के साथ ही कोरोना की वजह से रुके कामों को भी गति देने की तैयारी चल रही है। कांग्रेस भी सदस्यों की संख्या बढ़ाने की कवायद में जुटने की तैयारी में है। कोरोना संक्रमण का दौर शुरू होने से पहले कांग्रेस ने प्रदेश में 12 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा था।
सोनिया ने कांग्रेस के सदस्यों की संख्या दोगुनी करने के लिए दिया है लक्ष्य
पार्टी नेताओं के अनुसार सितंबर-2019 को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आगामी राष्ट्रीय स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू करने के लिए कहा था। देश में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या दोगुनी करने के लिए सभी राज्यों को सदस्यता दोगुनी करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण छत्तीसगढ़ सहित ज्यादातर राज्यों में पार्टी सदस्यता अभियान शुरू ही नहीं कर पाई।
छत्तीसगढ़ में अभी छह लाख सदस्य
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आला नेताओं का दावा है कि प्रदेश में कांग्रेस के लगभग छह लाख सदस्य हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश का पालन करने हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सदस्यों की संख्या 12 लाख पहुंचानी होगी। नेताओं का कहना है कि सदस्यता अभियान शुरू हुआ तो केवल नए सदस्य ही नहीं बनाए जाएंगे। पुराने सदस्यों को अपनी सदस्यता का नवीनीकरण भी करना होगा।
कांग्रेस हाई कमान का निर्देश मिलते ही सदस्यता अभियान शुरू कर दिया जाएगा
प्रदेश में सदस्यता अभियान को लेकर प्रदेश पार्टी के महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर शुक्ला का कहना है कि सदस्यता अभियान को लेकर हाई कमान से चर्चा की जाएगी। हाई कमान का निर्देश मिलते ही अभियान शुरू कर दिया जाएगा। शुक्ला ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में सदस्यता अभियान शुरू नहीं किया गया।
इंटरनेट मीडिया अभियान से भी बढ़ेंगे कांग्रेस के सदस्य
कांग्रेस ने इंटरनेट मीडिया में सक्रिय लोगों को भी पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। इस अभियान से भी कांग्रेस के सदस्य बढ़ेंगे। सोशल मीडिया वॉरियर अभियान से देश में पांच लाख और छत्तीसगढ़ में 11 हजार से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।