Nobel Prize 2018: केमिस्ट्री के क्षेत्र में इन तीनों को मिलेगा नोबेल पुरस्कार
केमिस्ट्री के लिए वर्ष 2018 का नोबेल पुरस्कार का ऐलान हो चुका है। इस बार तीन वैज्ञानिकों को उनके प्रोटीन पर शोध करने के लिए यह पुरस्कार मिलेगा।
नई दिल्ली, एजेंसी। केमिस्ट्री के लिए वर्ष 2018 का नोबेल पुरस्कार का ऐलान हो चुका है। यह पुरस्कार अमेरिका के फ्रांसिस अर्नोल्ड के साथ दो अन्य साइंटिस्ट जॉर्ज स्मिथ और ग्रेगरी विंटर को दिया जाएगा। इन्हें प्रोटीन से जुड़े अविष्कार के लिए यह सम्मान देने का फैसला जूरी ने किया है।
कितनी राशि मिलेगी
नोबल पुरस्कार दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में एक है। इसमें मिलने वाली राशि भी भारतीय मुद्रा में करीब सात करोड़ पच्चीस लाख होती है। स्वीडिश मुद्रा में यह धनराशि 90 लाख होती है।
इससे पहले लेजर तकनीक में महत्वपूर्ण खोज करने वाले तीन वैज्ञानिकों अमेरिका के आर्थर अश्किन, फ्रांस के जेरार्ड मोउरो और कनाडा की डोना स्टि्रकलैंड को इस साल के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनकी खोज से प्रकाश की किरणें आंखों की सर्जरी से लेकर माइक्रो-मशीनों तक एक उपकरण की तरह इस्तेमाल होने लगीं।
चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार का एलान
दूसरी तरफ कैंसर के उपचार में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाले अमेरिका के जेम्स एलिसन और जापान के तासुकु होंजो को इस साल के चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। दोनों ने यह खोज की थी कि प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) किस तरह कैंसर से मुकाबला कर सकता है। बीती सदी के अंतिम दशक में वैज्ञानिकों की इस खोज से त्वचा कैंसर के सबसे घातक प्रकार मेलेनोमा और फेफड़े समेत कई तरह के कैंसर के लिए नए और प्रभावी इलाज के विकास की राह खुली, पहले इनका उपचार बेहद मुश्किल था।