तमिलनाडु: बेटी से बातचीत का परिवार करता था विरोध, युवक ने धारदार हथियार से ले ली उसकी मां की जान
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में एक युवक ने रिश्ते के विरोध पर एक महिला की हत्या कर दी और उसके परिवार ...और पढ़ें

तूतीकोरिन में रिश्ते के विरोध पर महिला की हत्या

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले के मुदलुर गांव में शुक्रवार दोपहर 1 बजे एक सनकी युवक ने घर में घुसकर 48 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के पति और दो बच्चों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के बाद आरोपी दंपति की दो बेटियों को अपने साथ जबरन ले गया था, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लड़कियों को कुछ ही समय में सुरक्षित बचा लिया।
रिश्ते के विरोध पर हुआ खूनी हमला
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी ज्ञान प्रकाश (23) है, जो जिले के आनंदपुरम का रहने वाला है। घटना के महज चार घंटे के भीतर ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी परिवार को अच्छी तरह से जानता था।
तूतीकोरिन के पुलिस अधीक्षक आर. शिव प्रसाद ने बताया कि मृतका के पति और पत्नी (जो दिहाड़ी मजदूर हैं) ने आरोपी की अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ बातचीत और संबंधों पर कड़ी आपत्ति जताई थी। परिवार के विरोध के बाद लड़की ने भी आरोपी से सभी रिश्ते तोड़ लिए थे और उससे बातचीत करना पूरी तरह बंद कर दिया था।
इसी बात से बौखलाए आरोपी ने रंजिश के चलते इस खूनी हमले को अंजाम दिया।
घायलों की हालत गंभीर
इस हमले में 48 वर्षीय मैरी विजिला की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। वहीं, उनके 50 वर्षीय पति मुथुकृष्णन, 12 वर्षीय बेटा और 15 वर्षीय बड़ी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता और बेटे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए तिरुनेलवेली सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर उनके बयान दर्ज कर लिए हैं।
राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप
इस सनसनीखेज वारदात के बाद तमिलनाडु की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विपक्ष ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला है।
तूतीकोरिन से सांसद और DMK संसदीय दल की नेता एम.के. कनिमोझी ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि राज्य में महिलाएं और बच्चे न केवल सार्वजनिक स्थलों पर, बल्कि अपने घरों के भीतर भी पूरी तरह असुरक्षित हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या महिलाओं को सुरक्षा देने में विफलता, उन जनता को मिला इनाम है जिन्होंने उन्हें वोट दिया था? कनिमोझी ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों ने राज्य को बदहाल स्थिति में ला दिया है।
हालांकि, सत्ताधारी दल की तरफ से अभी तक इस तीखी आलोचना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
