Facebook के जरिए नकली डीएम बनकर पैसे ठगता था यह शख्स
पुलिस ने आइटी एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। फर्जी आइडी बनाने वाला अभी तक कलेक्टर के नाम से कितने लोगों से ठगी कर चुका है अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है।
सतना, नईदुनिया। मध्य प्रदेश में सतना जिले के कलेक्टर डॉ. सतेंद्र सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी आइडी बनाकर लोगों से पैसे ऐंठने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में झारखंड के एक युवक पुष्कर आर्या पर फर्जी आइडी बनाने का आरोप है।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने फेसबुक में अपलोड संदेशों का स्क्रीनशॉट साझा कर लोगों से इस ठग के जाल में न फंसने और कोई राशि हस्तांतरित न करने की अपील की है।
पुलिस ने आइटी एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। फर्जी आइडी बनाने वाला अभी तक कलेक्टर के नाम से कितने लोगों से ठगी कर चुका है, अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है।
आरोपित द्वारा फेसबुक मैंसेजर में किसी व्यक्ति से पंजाब नेशनल बैंक का खाता नंबर भी साझा किया है, जो जमशेदपुर के सिंगपुर का है। आरोपित द्वारा खाते में राशि ट्रांसफर करने की बात की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले पन्ना जिले का रहने वाला एक युवक सतना एडिशनल एसपी के नाम से सतना के एक पेट्रोल पंप संचालक से रुपये ऐंठ चुका है। वह आरोपित पकड़ा जा चुका है।
डॉ. सतेंद्र सिंह, कलेक्टर ने बताया कि जानकारी मिलते ही लोगों से ठग के जाल में न फंसने की अपील की है। इस मामले में एक व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
गौतम सोलंकी, एएसपी, सतना ने कहा कि मामले में झारखंड के एक आरोपित का नाम सामने आया है। उसके खिलाफ सिटी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप