साही पकड़ने को खोह में घुसा युवक, फिर जाने क्या हुआ
पुलिस ने जेसीबी की मदद से 30 फीट लंबी खोह में फंसे बसंत को निकालने के लिए अभियान चलाया।
नईदुनिया, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर से करीब 38 किमी दूर ग्राम चांवरपाठा-काशीखैरी के पास जंगल में एक युवक की खोह (गुफा) में दम घुटने से मौत हो गई। बताया जाता है कि वह साही पकड़ने के लिए खोह में घुस गया था। 30 फीट लंबी खोह से उसको निकालने के लिए जेसीबी से रास्ता बनाया गया, मगर जब तक उसको निकालकर डॉक्टर के पास ले गए, उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने बताया कि ग्राम चांवरपाठा निवासी बसंत पुत्र छोटेलाल केवट (35) मवेशी चराने सुबह करीब पांच बजे घर से निकला था। दोपहर तक वापस नहीं आने पर परिजन उसे खोजने निकले। जंगल में पहुंचने पर परिजनों ने खोह के बाहर उसके जूते देखे। इससे पता चला कि बसंत खोह में फंसा हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने जेसीबी की मदद से 30 फीट लंबी खोह में फंसे बसंत को निकालने के लिए अभियान चलाया। बसंत को निकालने के लिए दोपहर एक बजे से बचाव अभियान शुरू किया गया, जो पांच घंटे तक चला। खोह के दूसरी ओर से जेसीबी से खुदाई करने के साथ ही सब्बल (खुदाई का औजार) से भी मिट्टी को हटाया गया। पांच घंटे बाद बसंत को अचेत हालत में निकाला गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।