गो एयर विमान के इंजन में आग, सभी यात्री सुरक्षित
गोएयर की अहमदाबाद से बेंगलुरु आने वाले विमान से एक पक्षी के टकरा जाने के कारण इसके दाएं इंजन में आग लग गई। सभी यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए हैं।
मुंबई, प्रेट्र। अहमदाबाद से बेंगलुरु जाने वाली गो एयर (GoAir) विमान के मंगलवार को टेक ऑफ के दौरान एक पक्षी के टकराने से इसके दाईं इंजन में छोटी सी आग लगने की घटना हो गई। आग को तुरंत बुझा लिया गया। विमान में सवार तमाम यात्री व क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। यह जानकारी एयरलाइन ने दी। गोएयर विमान G8 802 में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और इनके आगे की यात्रा के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था भी कर दी गई।
हालांकि एयरलाइंस ने विमान में सवार कुल यात्रियों की संख्या से जुड़ी जानकारी नहीं दी। एयरलाइंस ने बताया, ‘अहमदाबाद से बेंगलुरु जाने वाली गोएयर के विमान G8 802 के टेक ऑफ के दौरान दाईं इंजन से पक्षी के टकराने की वजह से आग लग गई। हालांकि इसे तुरंत बुझा दिया गया।‘ सभी यात्री सुरक्षित विमान से उतार लिए गए। इसके बाद यात्रियों के लिए एक एयरक्राफ्ट का इंतजाम कराया गया। अहमदाबाद से इसके उड़ान का समय शाम 1.30 बजे का रखा गया क्योंकि शाम 3 बजे तक बेंगलुरु एयरपोर्ट बंद है। गोएयर ने यात्रियों को होने वाली परेशानी पर खेद जताया है।
पिछले साल एक इसी तरह का मामला सामने आया था। एयर इंडिया के विमान से पक्षी टकरा गया था। दरअसल उस विमान में मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह समेत 160 यात्री थे। विमान गुवाहाटी एयरपोर्ट पर उतर रहा था तभी एक पक्षी टकरा गया। हालांकि विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।
विमान नई दिल्ली-गुवाहाटी-इंफाल के उड़ान पर थी। हादसे के बाद विमान को गुवाहाटी एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। मुख्यमंत्री बीरेन ने इस पूरी घटना की जानकारी ट्वीट कर दी थी।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर में जेट के विमान में खराबी से रद हुई मुंबई की उड़ान, यात्रियों का हंगामा