यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'केजरीवाल और आप के कुशासन के खिलाफ है जनादेश', कांग्रेस ने बोला हमला, कहा- 2030 मे बनाएंगे सरकार
Delhi Election Result 2025 दिल्ली चुनाव के परिणाम में आम आदमी पार्टी की हार पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है। ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार और भाजपा की जीत को कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी पर जनमत संग्रह करार दिया है। भाजपा की ओर से जीत का श्रेय पीएम मोदी को देने के प्रयासों को नकारते हुए पार्टी ने कहा कि जब 2015 और 2020 में प्रधानमंत्री की लोकप्रियता के चरम पर थी तब भी आप ने दिल्ली में निर्णायक जीत हासिल की थी।
कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने आप की हार पर पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए इसे केजरीवाल के कुशासन के खिलाफ जनादेश करार दिया।
केजरीवाल की राजनीति को जनता ने खारिज किया: रमेश
जयराम ने परिणाम आने के बाद बयान जारी कर कहा कि दिल्ली के चुनाव नतीजे प्रधानमंत्री की नीतियों पर मुहर नहीं है बल्कि, यह जनादेश अरविंद केजरीवाल की छल, कपट और उपलब्धियों को लेकर अतिशयोक्तिपूर्ण दावों की राजनीति को खारिज करता है।
केजरीवाल शासन के घोटाले उजागर करने में कांग्रेस की बड़ी भूमिका
आप की हार में कांग्रेस के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के शासन में हुए विभिन्न घोटालों को उजागर करने में बड़ी भूमिका निभाई। दिल्ली के मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी के 12 वर्षों के कुशासन पर अपना फैसला सुनाया है। कांग्रेस के प्रदर्शन पर जयराम ने कहा कि इस चुनाव में हमें बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी।
कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ा: जयराम रमेश
हालांकि पार्टी ने अपने वोट शेयर में वृद्धि की है। कांग्रेस का चुनाव अभियान शानदार था।कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पार्टी विधानसभा में भले ही जीत नहीं दर्ज कर पायी हो, लेकिन दिल्ली में उसकी मजबूत उपस्थिति बनी हुई है जिसे लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रयासों से और मजबूत किया जाएगा और 2030 में दिल्ली में फिर से कांग्रेस सरकार बनेगी।
