इंदौर में शादी से पहले दूल्हे का कटा 2100 रुपये का चालान
11 लोगों के साथ गाड़ी में बारात लेकर जा रहे दूल्हे का स्पॉट फाइन के रूप में 2100 रुपये का चालान कट गया।
इंदौर, एएनआई। इंदौर के देवी अहिल्या मार्ग पर सोमवार दोपहर 11 लोगों के साथ गाड़ी में बारात लेकर जा रहे दूल्हे का स्पॉट फाइन के रूप में 2100 रुपये का चालान कट गया। दूल्हे के पास बारात ले जाने की तो अनुमति थी, लेकिन दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए बारात चार पहिया गाड़ी में भरकर जा रही थी। मार्ग से गुजरती इस गाड़ी पर नगर निगम अधिकारियों की निगाह पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे रोककर चालान काट दिया।
इंदौर: नगर निगम ने बारातियों द्वारा मास्क न पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर दूल्हे का चालान काटा। विवेक, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम-गाड़ी में बैठे 12 लोगों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर 1100 रु. और मास्क न लगाने पर 1000 रु. का फाइन लगाया गया है। pic.twitter.com/Or3R9GnzuA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 15, 2020
गाड़ी में सवार थे 10-12 लोग
नगर निगम जोन तीन के स्वास्थ्य अधिकारी विवेक गंगराड़े ने बताया कि सोमवार दोपहर 12.30 बजे वे भंडारी ब्रिज पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन गुजरा, जिसमें उन्हें दूल्हे समेत 10-12 लोग जाते हुए दिखे। उसका पीछा कर गाड़ी रुकवाई गई। ज्यादा लोगों के कारण गाड़ी में शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा था और बारातियों ने मास्क भी नहीं पहना था। इस कारण दूल्हे धर्मेद्र निराले से 2100 रुपये का चालान वसूला गया। इसके बाद बारात को जाने की इजाजत मिली।
चलान भरने के बाद आधे लोग ऑटो रिक्शा से गए
दूल्हा और बाराती अनुमति होने की बात कहते रहे तो उन्हें समझाया गया कि आपके पास भले ही अनुमति हो, लेकिन एक ही गाड़ी में इतने लोग नहीं जा सकते। घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाना अनिवार्य है। चालान की राशि भरने के बाद दूल्हे को कहा गया कि अब आधे लोग गाड़ी से और बाकी लोग ऑटो रिक्शा से जाएं। बारात फिर इसी तरह रवाना हुई।