थरूर ने कहा- नफरत फैलाने वाली ताकतें देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को बदलने में कामयाब नहीं हो सकतीं
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि देश में धर्मनिरपेक्षता खतरे में है। उन्होंने यह भी कहा कि नफरत फैलाने वाली ताकतें देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को बदलने में कामयाब नहीं हो सकतीं। कांग्रेस में धर्मनिरपेक्ष की भावना कूट-कूट कर भरी है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शनिवार को कहा कि देश में धर्मनिरपेक्षता खतरे में है और मौजूदा सरकार इस शब्द को संविधान से भी हटाने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि नफरत फैलाने वाली ताकतें देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को बदलने में कामयाब नहीं हो सकतीं।
थरूर ने कहा- यदि धर्मनिरपेक्ष शब्द निकाल दिया जाए तब भी संविधान धर्मनिरपेक्ष ही रहेगा
अपनी नई किताब 'द बैटल ऑफ बिलांगिंग' को लेकर पीटीआइ से बातचीत में थरूर ने कहा कि धर्मनिरपेक्ष एक शब्द मात्र है। अगर संविधान से इसे निकाल भी दिया जाता है तब भी संविधान धर्मनिरपेक्ष ही रहेगा, क्योंकि इसकी मूल संरचना ही ऐसी है।
थरूर ने कहा- कांग्रेस में धर्मनिरपेक्ष की भावना कूट-कूट कर भरी है
थरूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की तरह सॉफ्ट हिंदुत्व को अपनाने का खतरा नहीं मोल ले सकती है, क्योंकि इससे वह खत्म हो जाएगी। भारत की सबसे बड़ी पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस में धर्मनिरपेक्ष की भावना कूट-कूट कर भरी है।
थरूर ने कहा- कांग्रेस किसी भी रूप में भाजपा की तरह नहीं हो सकती
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी रूप में भाजपा की तरह नहीं हो सकती। कांग्रेस को भाजपा की तरह बनने की कोशिश भी नहीं करनी चाहिए।