विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LAC पर तनाव बरकरार: भारत के बाद चीन ने भी माना स्थिति सामान्य नहीं, कूटनीतिक और सैन्य संवाद जारी

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:30 PM (IST)

भारत और चीन दोनों ने स्वीकार किया है कि सीमा पर स्थिति सामान्य नहीं है, लेकिन दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर संवाद जारी है।

भारत के बाद चीन ने भी माना स्थिति सामान्य नहीं।

भारत के बाद चीन ने भी माना स्थिति सामान्य नहीं।

HighLights

  1. भारत-चीन सीमा पर स्थिति सामान्य नहीं।

  2. दोनों देशों में कूटनीतिक, सैन्य संवाद जारी।

  3. अरुणाचल में स्थानीय स्तर पर सुलझा रहे मुद्दे।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत के विदेश मंत्रालय के बाद अब चीन के विदेश मंत्रालय की तरफ से भी इस बात की स्वीकारोक्ति हुई है कि दोनों देशों की सीमा पर अभी सब कुछ सामान्य नहीं है।

चीन ने यह भी कहा है कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर संवाद जारी है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत-चीन सीमा पर अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में हाल के दिनों में टकराव की खबरें सामने आ रही हैं।

सोमवार कोचीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा है कि, “चीन पक्ष लगातार चीन-भारत के बीच संबंधित समझौतों, समझौता-पत्रों और महत्वपूर्ण सहमतियों का सख्ती से पालन करता है। हम सीमावर्ती क्षेत्रों में सामान्य पेट्रोलिंग और नियंत्रण गतिविधियां करते हैं, ताकि क्षेत्रीय संप्रभुता और सीमा क्षेत्र की स्थिरता बनाए रखी जा सके।"

सीमा विवाद पर भारत-चीन में संवाद जारी

"चीन और भारत राजनयिक तथा सैन्य माध्यमों से संपर्क बनाए हुए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि भारत पक्ष भी चीन के साथ उसी दिशा में आगे बढ़े, दोनों पक्षों के बीच बनी सहमतियों को मिलकर लागू करे और ठोस कदमों के जरिए सीमा क्षेत्र में शांति और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखे।”

एलएसी पर गलतफहमी से बचने की कोशिश- जायसवाल

इससे पहले पिछले हफ्ते भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि, “भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में स्थिति समय-समय पर तब बिगड़ती है जब चीनी सेना तय पेट्रोलिंग पैटर्न से भटकती है।” उन्होंने बताया था कि दोनों पक्ष मौजूदा राजनयिक और सैन्य तंत्रों का इस्तेमाल कर लंबित मुद्दों का समाधान कर रहे हैं और एलएसी पर गलतफहमी तथा गलत आकलन से बचने की कोशिश कर रहे हैं।

LAC की बेहतर समझ विकसित करने के लिए चर्चा पर सहमत

जायसवाल ने यह भी कहा कि दोनों पक्ष एलएसी की बेहतर समझ विकसित करने के लिए उचित क्षेत्रों में चर्चा करने पर सहमत हैं। जायसवाल का यह बयान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के उस बयान के बाद आया था, जिसमें उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर चीनी सैनिकों के साथ जारी टकराव का जिक्र किया था।

सूत्रों का कहना है कि दोनों देश मौजूदा सैन्य टकराव को आपसी स्तर पर सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। माना जा रहा है कि टकराव की स्थिति कोई बहुत गंभीर नहीं है और दोनों पक्ष मौजूदा सैन्य तथा कूटनीतिक चैनलों के जरिए स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रहे हैं।

अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के ताक्सिंग इलाके में जुलाई के अंत में हुए फेस-ऑफ के बाद से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन दोनों सेनाएं मौजूदा समझौतों के तहत मुद्दे को स्थानीय स्तर पर सुलझाने का प्रयास कर रही हैं।