बर्फबारी और बारिश से फिर लौटी सर्दी, उत्तर प्रदेश में 5 लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में रविवार के बाद सोमवार को भी बर्फबारी व बारिश हुई। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ओलावृष्टि हुई।
नई दिल्ली, (ब्यूरो)। आखिरकार मौसम विभाग का अनुमान सही निकला। उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में रविवार के बाद सोमवार को भी बर्फबारी व बारिश हुई। इससे उत्तर भारत में सर्दी बढ़ गई। फरवरी में तापमान लगातार बढ़ रहा था, लेकिन रविवार व सोमवार को पहाड़ों में बर्फबारी ने तापमान को फिर लु़ढ़का दिया है।
उत्तराखंड और हिमाचल में हिमपात
सोमवार को उत्तराखंड के मसूरी में हल्के हिमपात के साथ ही आसपास के इलाकों में अच्छी बर्फबारी हुई। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के अलावा पिथौरागढ़ में कैलास मानसरोवर मार्ग भी हिम चादर बिछी हुई है। इस सीजन में मसूरी में दूसरी बार हिमपात से सैलानियों के साथ ही व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे। वहीं बारिश होने से किसानों के चेहरे पर रौनक लौट आई है। बर्फबारी से उम्मीद जताई जा रही है कि इससे सेब के लिए जरूरी चिलिंग प्वाइंट भी मिल जाएगा। हिमाचल में बारिश का दौर जारी है। ऊंचे क्षेत्रों पर हिमपात से शीत लहर तेज हो गई है। बारिश से किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से यातायात ठप्प
भारी बर्फबारी से राजमार्ग बंद जम्मू-कश्मीर में रविवार देर शाम से हो रही भारी बर्फबारी का असर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ा है। बनिहाल, जवाहर टनल में हुई बर्फबारी व पंथाल में देर रात पहाड़ों से मलबा गिरने से राजमार्ग को रात को डेढ़ बजे यातायात के लिए बंद कर दिया गया। राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। सोमवार को भी दिन भर हुई बारिश व बर्फबारी के कारण जवाहर टनल के पास फिसलन हो गई। इससे राजमार्ग नहीं खुल सका। वहीं वैष्णो देवी भवन के साथ ही भैरो घाटी, सांझी छत क्षेत्र में ताजा हिमपात हुआ। सोमवार दोपहर तक वैष्णो देवी भवन पर करीब 8 इंच बर्फ गिर चुकी थी। भैरो घाटी में करीब डेढ़ फीट तथा त्रिकुट पर्वत की ऊंची चोटियों पर करीब दो फीट हिमपात हो चुका था।
पंजाब में किसानों को राहत
पंजाब में रविवार रात और सोमवार सुबह हुई बारिश से ठंड फिर लौट आई है। सोमवार को राज्य में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। अमृतसर में सर्वाधिक 15.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञों के अनुसार गेहूं, चना, सरसों जैसी फसलों को लाभ होगा।
उत्तर प्रदेश में पांच लोगों की मौत
सोमवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को नुकसान हुआ। खासकर आलू किसान तबाह होने की कगार पर पहुंच गए। वहीं बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। अधिकांश जिलों में बूंदाबांदी हुई। रायबरेली में ओले पड़ें और सीतापुर में बिजली गिरी।