तेलुगु फिल्मों के दिग्गज अभिनेता नागेश्वर राव नहीं रहे
हैदराबाद। दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्राप्त और तेलुगु फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता अक्किनेई नागेश्वर राव का बुधवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे और आंत के कैंसर से पीड़ित थे। अपने 70 साल से अधिक के करियर में उन्होंने बतसारी, देवदास और तेनाली रामकृष्ण जैसी फिल्मों में यादगार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।

राव ने 250 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्होंने कुछ तमिल फिल्मों में भी काम किया था। राव के बेटे व लोकप्रिय अभिनेता नागार्जुन ने बताया कि राव ने मंगलवार रात तो परिवार के लोगों के साथ बातचीत की और फिर सो गए। नींद में ही उनकी मृत्यु हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हाल ही में राव की सर्जरी की गई थी। उनके शोकाकुल परिवार में तीन पुत्रियां व दो पुत्र हैं। वह अपनी मजबूत इच्छा शक्ति व सकारात्मक रुख के लिए जाने जाते थे। उन्होंने पिछले साल ही अपनी बीमारी की बात सार्वजनिक कर दी थी। राव का पार्थिव शरीर उनके द्वारा स्थापित अन्नपूर्णा स्टूडियो में रखा गया ताकि लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में जन्मे राव ने स्टेज कलाकार के रूप में करियर की शुरुआत की थी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने राव के निधन पर शोक प्रकट किया है।
देश के फिल्म उद्योग ने भी उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने राव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि लोग उनकी कमी महसूस करेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर