यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 07, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए सिंगापुर प्रतिनिधिमंडल ने सिकंदराबाद में एमसीइएमइ का किया दौरा, कई परियोजनाओं को किया गया प्रदर्शित
प्रतिनिधिमंडल ने एमसीइएमइ का यह दौरा 12वीं भारत सिंगापुर आर्मी टू आर्मी स्टाफ वार्ता (एएटीएस) के हिस्से के रूप में ...और पढ़ें

सिकंदराबाद, एएनआइ। कर्नल पांग लीड शुआन के नेतृत्व में सिंगापुर सशस्त्र बलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सिकंदराबाद के सैन्य कालेज आफ इलेक्ट्रानिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग ( MCEME) का दौरा किया है। 12वीं भारत सिंगापुर आर्मी टू आर्मी स्टाफ वार्ता (एएटीएस) के हिस्से के रूप में यात्रा करने आए प्रतिनिधिमंडल ने एमसीइएमइ के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल जेएस सिदाना और इएमइ कोर के कर्नल कमांडेंट और कॉलेज के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत भी की। सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ाना है।
आधुनिक प्रयोगशालाएं दिखाई गईं
बता दें कि सिंगापुर सेना के प्रतिनिधिमंडल को एमसीईएमई में की जा रही विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें संस्थान में अपनाई जा रही सर्वोत्तम प्रथाओं, नवीन प्रशिक्षण पद्धतियों और अन्य अनूठी पहल शामिल हैं। सिंगापुर सशस्त्र बलों के प्रतिनिधिमंडल को अपनी यात्रा के दौरान, विशिष्ट तकनीकों से निपटने वाली आधुनिक प्रयोगशालाओं सहित अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं भी दिखाई गईं। प्रतिनिधिमंडल ने सिम्युलेटर डेवलपमेंट डिवीजन (एसडीडी) का भी दौरा किया, जहां एसडीडी द्वारा विकसित विभिन्न सिमुलेटर और परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया था।
एमसीइएमइ में दूसरे देशों से प्रशिक्षण लेने आते हैं लोग
बता दें कि एमसीइएमइ भारतीय सेना का एक प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान है जो विभिन्न इंजीनियरिंग विषयों और डोमेन में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करता है। वहीं मित्र देशों से बड़ी संख्या में लोग प्रशिक्षण प्राप्त करने भी एमसीईएमई आते हैं। यहां की तकनीक का पड़ोसी देशों में काफी बोलबाला है। उन्नत तकनीकों के इस्तेमाल के चलते लोग बड़ी संख्या में यहां आते हैं।
