विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेलंगाना: मरीज ने महिला डॉक्टर पर किया हमला, स्टेथोस्कोप छीनकर हुआ फरार

Published: Fri, 02 Oct 2026 07:46 PM (IST)

तेलंगाना के यादद्री-भुवनगिरी जिले में एक मरीज ने इलाज के बाद महिला डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों पर हमला कर दिया।

HighLights

  1. यादद्री-भुवनगिरी पीएचसी में मरीज ने डॉक्टर पर हमला किया।

  2. आरोपी ने महिला डॉक्टर का स्टेथोस्कोप छीनकर फरार हो गया।

  3. अस्पताल कर्मियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के यादद्री-भुवनगिरी जिले में स्थित एक पीएचसी से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मरीज ने इलाज के बाद अचानक महिला डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों पर हमला कर दिया और डॉक्टर का स्टेथोस्कोप छीनकर मौके से फरार हो गया।

यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इलाज के बाद अचानक हुआ हिंसक

यह घटना गुरुवार, 1 अक्तूबर को सुबह लगभग 11:15 बजे पोचमपल्ली के पीएचसी की है। आरोपी की पहचान महम्मया कॉलोनी निवासी दुद्याला वेंकटा थिरुपति के रूप में हुई है, जो पैर की चोट का इलाज कराने अस्पताल आया था।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है। इलाज के तुरंत बाद उसने आपा खो दिया और दो महिला कर्मियों समेत तीन कर्मचारियों के साथ मारपीट की। उसने ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर, डॉ. के.श्रेता पर हमला किया, उनका स्टेथोस्कोप छीना और अस्पताल के कंप्यूटर को भी नुकसान पहुंचाया।

आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज

इस घटना के बाद पीएचसी कर्मचारी पोचमपल्ली पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो आरोपी व्यक्ति पहले से ही वहां मौजूद था। अस्पताल स्टाफ ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति का हवाला देकर मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

इसके विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने काले बैज पहनकर प्रदर्शन किया और सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शरू कर दी है।