तेलंगाना में अनोखा गणेशोत्सव, 2.9 करोड़ रुपये के असली नोटों से सजाए गए बप्पा के दो भव्य पंडाल
तेलंगाना के पलवंचा में गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश की दो मूर्तियों को 2.9 करोड़ रुपये के असली नोटों से ...और पढ़ें

तेलंगाना में अनोखा गणेशोत्सव।
HighLights
तेलंगाना के पलवंचा में गणेश जी की दो मूर्तियां सजाई गईं।
कुल 2.9 करोड़ रुपये के असली नोटों का उपयोग किया गया।
कापू समुदाय और टीम एकदंत ने भव्य पंडालों को सजाया।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के पलवंचा शहर में इस बार गणेश चतुर्थी का पर्व बेहद चर्चा का विषय बन गया है। यहां भगवान गणेश की दो मूर्तियों को भारतीय करेंसी के नोटों से कुछ इस तरह सजाया गया कि देखने वाले दंग रह गए। दोनों मूर्तियों की सजावट में कुल 2.9 करोड़ रुपये के नोटों का इस्तेमाल किया गया, जिसे देखने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कापू समुदाय की वो झांकी
बता दें कि शहर में एक पंडाल की सजावट 'कापू समुदाय' के सदस्यों द्वारा की गई, जिन्होंने अपनी गणेश प्रतिमा को 1.4 करोड़ रुपये के नोटों से सजाया।
टीम एकदंत का पंडाल
वहीं, दूसरी ओर 'टीम एकदंत' संगठन ने एक अन्य स्थान पर गणपति बप्पा की मूर्ति को 1.5 करोड़ रुपये की करेंसी से सजाया।
किस तरह के नोटों का हुआ इस्तेमाल?
इन भव्य सजावटों में 10 रुपये, 20 रुपये, 100 रुपये, 200 रुपये और 500 रुपये के नोटों का उपयोग किया गया। एक मूर्ति का मुकुट और माला तो पूरी तरह से नोटों से ही तैयार की गई थी।
स्थानीय व्यापारियों और बैंकों का सहयोग
आयोजकों के मुताबिक, इस अनोखी और भव्य सजावट के लिए पैसे स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से जुटाए गए थे। इसके अलावा, 'गजपति' मूर्ति वाले इस पंडाल के लिए स्थानीय बैंकों ने भी विशेष रूप से नए और ताजे नोट उपलब्ध कराए थे।
परंपरा नई नहीं है पिछले सालों भी ऐसा रहा हाल
गौरतलब है कि पलवंचा के लिए इस तरह की नोटों वाली सजावट कोई नई बात नहीं है, यहां पहले भी ऐसा होता रहा है। इससे पहले साल 2024 में कापू संगम गणेश उत्सव समिति ने अंबेडकर सेंटर पर गणेश जी की मूर्ति और मंच को 1.1 करोड़ रुपये के नए नोटों से सजाया था।
उस समय मंच की सजावट में भी 1.5 करोड़ रुपये का इस्तेमाल हुआ था। इससे पहले 2023 में भी एक पंडाल को सजाने के लिए 1 करोड़ रुपये की नकदी का उपयोग किया गया था।
