सीमांध्र में तेदेपा को बहुमत
तेदेपा-भाजपा गठबंधन सीमांध्र में पहली सरकार बनाएगा। सूबे के पहले विधानसभा चुनाव में तेदेपा ने अकेले दम 175 में 102 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। तेदेपा की सहयोगी भाजपा को राज्य में महज चार सीट पर जीत हासिल हुई। जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख विपक्षी दल होगा, जिसकी झोली में 67 सीटें आई है
हैदराबाद। तेदेपा-भाजपा गठबंधन सीमांध्र में पहली सरकार बनाएगा। सूबे के पहले विधानसभा चुनाव में तेदेपा ने अकेले दम 175 में 102 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। तेदेपा की सहयोगी भाजपा को राज्य में महज चार सीट पर जीत हासिल हुई। जगन मोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख विपक्षी दल होगा, जिसकी झोली में 67 सीटें आई हैं। राज्य की 25 लोकसभा सीटों में भाजपा-तेदेपा गठबंधन को 18 सीटों पर जीत मिली है।
आंध्र के बंटवारे और तेलंगाना राज्य के गठन का श्रेय लेने वाली कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है। आंध्र के बंटवारे के विरोध में कांग्रेस व मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने वाले किरन कुमार रेड्डी को भी नतीजों ने बेहद निराश किया है। जनता ने उनकी पार्टी जय समैक्यांद्रा (जेएसपी) पर भी भरोसा नहीं किया है। तेदेपा के मुखिया एन. चंद्रबाबू नायडू ने कुप्पम विधानसभा सीट पर 47 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज की। नायडू 1989 से लगातार इस सीट से विजय हासिल करते आ रहे हैं। वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अपने गढ़ कड़प्पा जिले की पुलिवेंदुला सीट पर जबरदस्त विजय हासिल की है। वाईएसआर कांग्रेस को राज्य में आठ लोकसभा सीटों पर जीत हासिल हुई हैं।