विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु के त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे पर प्राइवेट बस और कार की भिड़ंत, 3 लोगों की मौत

Published: Thu, 24 Sep 2026 10:09 AM (IST)

तमिलनाडु के पेरम्बलूर जिले में त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे (NH-38) पर एक निजी बस और कार की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।

HighLights

  1. पेरम्बलूर में त्रिची-चेन्नई हाईवे पर बस-कार की टक्कर।

  2. हादसे में तीन लोगों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत।

  3. चार लोग घायल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के पेरम्बलूर जिले में थुरईमंगलम के पास त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे (NH-38) पर प्राइवेट बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है।

त्रिची-चेन्नई नेशनल हाईवे पर हुए हादसे में चार लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार और बस की टक्कर में तीन लोगों की मौत

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रामनाथपुरम जिले के मुदुकुलाथुर में ओरिवयाल गांव के रहने वाले कार्थी (38) चेन्नई में काम करते थे। वह अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी सूर्या और गांव के दोस्तों के साथ अपने गांव गए थे।

शादी के बाद, कार्थी, उनकी पत्नी और दोस्त कार से चेन्नई लौट रहे थे, तभी NH-38 पर थुरईमंगलम के पास उनकी कार तेजी से आगे चल रही एक बस के पिछले हिस्से से टकरा गई।

इस हादसे की सूचना मिलने पर पेरम्बलूर टाउन पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और घायलों को पेरम्बलूर सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनकी पहचान ओरिवयाल के काजा उर्फ कालिश्वरन और रसिकुलम के प्रभाकरन के नाम से हुई है। गंभीर रूप से घायल कार्थी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

कार्थी की पत्नी सूर्या, कार ड्राइवर कन्नदासन, जॉन कैनेडी और सरन्या को पेरम्बलूर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को बाद में आगे के इलाज के लिए तिरुचिरापल्ली के एक अस्पताल में भेजा गया।

पेरम्बलूर पुलिस ने बताया, पुलिस ने शवों को बरामद कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है। पेरम्बलूर टाउन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना की जांच के तहत बस ड्राइवर, थूथुकुडी के राजासीलन से पूछताछ कर रही है।

(समाचार एजेंसी एएनआइ के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में अब कक्षा 8वीं तक के बच्चों को मिलेगा फ्री ब्रेकफास्ट, सीएम विजय ने लॉन्च की स्कीम