स्वच्छ भारत मिशन: इस साल फरवरी तक बनाए गए 56 लाख से अधिक शौचालय
एक आरटीआइ के जवाब में सरकार ने दी जानकारी है कि इस साल फरवरी तक 56.6 लाख से अधिक व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस साल फरवरी तक 56.6 लाख से अधिक व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया है। साथ ही 6.33 लाख शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। एक आरटीआइ (सूचना का अधिकार) अर्जी के जवाब में सरकार ने यह जानकारी दी है।
शहरी स्वच्छ भारत मिशन का उद्देश्य भारत को खुले में शौच से मुक्त बनाना और देश के सभी 4,041 शहरों की नगर पालिका के सॉलिड वेस्ट का 100 फीसद वैज्ञानिक प्रबंधन करना है। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में, 7.53 लाख व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया है, जबकि महाराष्ट्र में इस साल फरवरी तक 6,82,812 शौचालयों का निर्माण किया गया है।
आरटीआइ के जवाब के मुताबिक केवल 480 शौचालय दिल्ली में और 336 शौचालय अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बनाए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि राजस्थान में जहां 3,57,767 व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया है वहीं बिहार में 2,93,614 शौचालय का निर्माण किया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप