देश में व्यापक बदलाव का कारक बनेगा स्वच्छ भारत अभियान: सुरेश प्रभु
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु का कहना है कि स्वच्छ भारत अभियान से सेहत में सुधार के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु का कहना है कि स्वच्छ भारत अभियान से सेहत में सुधार के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा के लिए मिट्टी की उर्वरा क्षमता में सुधार पर बल दिया है।
स्वच्छ भारत अभियान से सेहत में सुधार के साथ पर्यटन भी बढ़ेगा
प्रभु गुरुवार को फिक्की द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उनका कहना था, 'मैं सोचता हूं कि स्वच्छ भारत अभियान से कई समस्याओं का समाधान हो जाएगा। इसमें देश में आमूलचूल बदलाव लाने की क्षमता है।' केंद्रीय मंत्री के अनुसार, 'स्वच्छ भारत अभियान के जरिये स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं को हल किया जा सकता है। इससे तेजी से उभरते पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ पहुंचेगा।' प्रभु ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा से पर्यावरण की शुद्धता पर जोर देती रही है, लेकिन हम कुछ कारणों के चलते इससे भटक गए।
केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने भी इस समारोह को संबोधित किया। उनका कहना था कि सरकार 2 अक्टूबर, 2019 तक शहरी क्षेत्रों में 72 लाख आवासीय एवं सार्वजनिक शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित समय से साल भर पहले ही पूरा कर लेगी। पुरी ने बताया कि अगले साल 2 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्र के 67 लाख घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर 5 लाख शौचालय बनाने का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन यह काम समय से पहले पूरा होने जा रहा है।
------------------