सुषमा स्वराज ने दिखाई कैलाश मानसरोवर यात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी
25 ग्रुप में कुल 1430 तीर्थर्यात्री करेंगे भगवान शिव के दर्शन, लिपुलख पास मार्ग के साथ नाथू ला दर्रे से भी जाएंगे श्रद्धालु..
नई दिल्ली, प्रेट्र। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि आप भगवान शिव के घर पर जा रहे हैं, रास्ते को मैला न करें।
यात्रियों से उन्होंने अपने खुद के लिए प्रार्थना करने को भी कहा। मंत्री का कहना था कि भगवान की कृपा से ही सर्जरी के बाद वह कुछ महीनों में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने में कामयाब रही हैं। वह खुद कभी कैलाश मानसरोवर नहीं जा सकी हैं। जवाहर लाल नेहरू भवन में उन्होंने बताया कि इस बार 25 जत्थों में 1430 यात्री कैलाश मानसरोवर के लिए जा रहे हैं। 18 जत्थों में 60-60 व्यक्ति शामिल हैं जबकि बाकी के सात में 50 तीर्थयात्री प्रति जत्था वहां जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले जत्थे में 58 तीर्थयात्री ही जा पाएंगे क्योंकि दो मेडिकल टेस्ट पास नहीं कर पाए।
मंत्री ने बताया कि पिछले साल यात्रा के लिए 26 सौ तीर्थयात्रियों के आवेदन आए थे जबकि इस बार संख्या 4442 तक पहुंच गई है। 18 जत्थे लिपुलख पास मार्ग से भेजे जा रहे हैं वहीं बाकी के सात हाल ही में खोले गए नाथू ला दर्रे से जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार कैलाश के रास्ते को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है, लेकिन यह कठिन काम है। हर साल रास्ते में कुछ न कुछ सुधार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः इस चेहरे को तो पहचानते ही होंगे आप, जानते हैं अब कैसा है ये बच्चा
यह भी पढ़ेंः अनोखा है लालू प्रसाद यादव का हर अंदाज, कुछ ऐसा है उनका चुटीला अंदाज