अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले की सीबीआइ जांच के लिए याचिका खारिज
उच्चतम न्यायालय ने बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच मुंबई पुलिस से लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने के लिए दायर याचिका गुरुवार को खारिज कर दी।
नई दिल्ली, प्रेट्र। उच्चतम न्यायालय ने बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच मुंबई पुलिस से लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने के लिए दायर याचिका गुरुवार को खारिज कर दी। प्रधान न्यायाधीश एसए बोबडे, न्यायमूíत एएस बोपन्ना और वी रामासुब्रह्माण्यम की पीठ ने कहा कि मुंबई पुलिस को अपनी जांच करने दीजिए। अगर आपके पास कुछ है, तो इसके लिए बांबे हाई कोर्ट में याचिका दायर की जा सकती है।
इस अभिनेता की मौत के मामले की सीबीआइ से जांच के लिए याचिका दायर करने वाली अल्का प्रिया के वकील से पीठ ने कहा, अगर आपके पास कुछ ठोस दिखाने के लिए है, तो आप बांबे हाई कोर्ट जाएं। उल्लेखनीय है कि सुशांत का शव मुंबई के उपनगर बांद्रा में 14 जून को अपने अपार्टमेंट में छत से लटका मिला था। इसके बाद से ही मुंबई पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रख कर इस मामले की जांच कर रही है।
सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में उनके पिता केके सिंह ने उनकी गर्लफ्रेंड रहीं और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती सहित छह के खिलाफ पिछले दिनों पटना में एफआइआर दर्ज कराई है। उन्होंने रिया पर सुशांत के बैंक खाते से रुपये की निकासी और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच के लिए बिहार पुलिस की टीम अभी मुंबई में है।
इस बीच रिया चक्रवर्ती ने सुप्रीम कोर्ट एफआइआर को मुंबई ट्रांसफर करने के लिए याचिका दाखिल की है। दूसरी ओर सुशांत के पिता बिहार पुलिस की जांच के पक्ष में हैं। उन्होंने इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में केविएट (आपत्ति सूचना) दाखिल करने की बात कही है।
सुशांत मामले को लेकर ईडी हुई सक्रिय
उधर, इस पूरे मामले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (र्इडी) भी सक्रिय हो गया है। उसने बिहार पुलिस से एफआईआर की पूरी जानकारी मांगी है। ईडी ने सुशांत के खाते से 15 करोड़ रुपये गायब होने को लेकर भी जानकारी मांगी। ईडी ने बिहार पुलिस से खातों के संबंध में भी जानकारी मांगी है। सुशांत के पिता केके सिंह ने बिहार पुलिस को दी गई एफआईआर में आरोप लगाया था कि रिया चक्रवर्ती की नजर सुशांत के पैसे पर थी और उसकी मौत के कुछ ही दिन पहले उसके अकाउंट से 15 करोड़ रुपये का हेरफेर किया गया था।