केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए सुप्रीम कोर्ट के जजों ने गाए गाने
केरल के बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में न्यायमूर्ति कुरियन जोसेफ और जस्टिस केएम जोसेफ ने अपने गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। देश की न्यायपालिका के इतिहास में शायद यह पहला मौका था, जब सुप्रीम कोर्ट के दो जजों ने किसी कार्यक्रम में गाना गाया। सोमवार को इंडियन सोसाइटी फॉर इंटरनेशनल लॉ के सभागार में यह दुर्लभ नजारा देखने को मिला। केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में न्यायमूर्ति कुरियन जोसेफ और जस्टिस केएम जोसेफ ने अपने गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। केरल निवासी दोनों जजों की भावपूर्ण प्रस्तुति के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दिल खोलकर दान दिए। दस लाख रुपये फौरन जुटा लिए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय की कार्यवाही कवर करने वाले पत्रकारों ने किया था। इसमें मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा सहित सुप्रीम कोर्ट एवं दिल्ली हाईकोर्ट के कई जज मौजूद थे। इस मौके पर सीजेआइ मिश्रा ने कहा, 'यहां कुछ कार्यक्रम पेश किए गए हैं, इसलिए कुछ लोग इसे उत्सव मान सकते हैं, लेकिन मैं इसे एक नेक कार्य के लिए चंदा जुटाने की ऊर्जा हासिल करने का समेकित प्रयास मानता हूं।'
हाल ही में उत्तराखंड हाई कोर्ट से पदोन्नत होकर शीर्ष अदालत पहुंचे जस्टिस केएम जोसेफ ने मलयालम फिल्म 'अमाराम' का गाना गया, जिसमें एक मछुआरे की कहानी कही गई है। उन्होंने कहा, 'केरल जब विनाशकारी बाढ़ से रूबरू हो रहा था, तब मछुआरे ही सबसे पहले बाढ़ पीडि़तों की मदद में उतरे थे। यह गीत उन्हीं हो समर्पित है।' जस्टिस कुरियन जोसेफ ने पार्श्व गायक मोहित चव्हाण के साथ 'हम होंगे कामयाब, एक दिन' गाया। कुछ पत्रकारों ने भी कार्यक्रम पेश किए।