Move to Jagran APP

गर्मी का कहर पहाड़ी राज्यों में भी, मप्र सबसे अधिक तप रहा, राहत के आसार नहीं

मध्यप्रदेश सबसे अधिक तप रहा है। यहां खजुराहो में रविवार को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sun, 27 May 2018 11:06 PM (IST)Updated: Sun, 27 May 2018 11:06 PM (IST)
गर्मी का कहर पहाड़ी राज्यों में भी, मप्र सबसे अधिक तप रहा, राहत के आसार नहीं
गर्मी का कहर पहाड़ी राज्यों में भी, मप्र सबसे अधिक तप रहा, राहत के आसार नहीं

जेएनएन, नई दिल्ली। उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। मध्यप्रदेश सबसे अधिक तप रहा है। यहां खजुराहो में रविवार को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शाजापुर में तापमान 46.7, ग्वालियर में 46.6, दमोह में 46.5, गुना में 46.2, रतलाम में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। छत्तीसगढ़ के भी अधिकांश इलाकों का अधिकतम तापमान 40 के आसपास रहा। सबसे ज्यादा तापमान 42 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया।

loksabha election banner

-गर्मी का प्रचंड रूप पहाड़ी राज्यों में भी, हिमाचल के निचले हिस्सों में सूखे की स्थिति

-मौसम विभाग के मुताबिक गर्मी से राहत के अभी आसार नहीं

मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल राहत के आसार नहीं है। गर्मी से उत्तर प्रदेश के महोबा में दो और उन्नाव में एक की मौत हो गई। वहीं हरियाणा के चरखी दादरी और हिसार में गर्मी से एक-एक की मौत हो गई।

गर्मी का प्रचंड रूप पहाड़ी राज्यों के मैदानी इलाकों में भी दिख रहा है। रविवार को ऊना (हिमाचल) में अधिकतम तापमान 43.6, जम्मू में 42.5, देहरादून में पारा 40.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हिमाचल प्रदेश के निचले हिस्सों में सूखे की स्थिति पैदा हो गई है। दिल्ली में भी लू की स्थिति अभी कायम रहने की संभावना है। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में पारा 45.8 तक पहुंच गया।

उप्र में बांदा 46.2 के साथ सबसे गर्म

उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड भी रविवार को सूरज की तपिश का शिकार रहा। बांदा 46.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। 46 डिग्री सेल्सियस के साथ इलाहाबाद व आगरा संयुक्त रूप से दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। उरई 45 डिग्री के साथ तीसरा सबसे गर्म जिला था। पूर्वाचल के कई जिलों में भी पारा 44 डिग्री के आसपास बना रहा। कानपुर का 43.8, लखनऊ का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री दर्ज किया गया।

हिमाचल में सूखे जैसे हालात

लगातार बढ़ रहे तापमान से हिमाचल प्रदेश के निचले हिस्सों में सूखे की स्थिति पैदा हो गई है। बारिश का इंतजार करते-करते किसानों की फसलें पूरी तरह से तबाह हो गई हैं। नकदी फसलें टमाटर, शिमला मिर्च, बैंगन आदि प्रचंड गर्मी व पानी की कमी के कारण सूख गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सभी पेयजल स्त्रोत सूख चुके हैं।

पेयजल योजनाओं में भी पानी न होने से लोग पानी की तलाश में दूर-दूर तक भटक रहे हैं। यहां पानी के लिए हर ओर हाहाकार मचा हुआ है। हालांकि रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाने से गर्मी से आंशिक राहत मिली, लेकिन सोमवार को राज्य भर में एक बार फिर आसमान साफ हो जाएगा और करारी धूप खिलेगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार है।

जम्मू में रात के तापमान में भी उछाल

जम्मू में रविवार को न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस का उछाल आया। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 42.5 व न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सामान्य न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस है। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

हरियाणा का तापमान पहुंचा 46

हरियाणा के चरखी दादरी, भिवानी व झज्जर जिले में अधिकत तापमान 46 डिग्री पहुंच गया है, जबकि कई जिलों का तापमान 45 के आसपास चल रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.