कोरोना से लड़ाई में दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद पर निर्भर है सफलता : अमिताभ कांत
नीति आयोग के प्रमुख अमिताभ कांत ने कहा कि दिल्ली मुंबई अहमदाबाद जैसे 15 जगहों पर सबसे ज्यादा कोरोना के मामले हैं। महामारी के खिलाफ सफलता इन्हीं जगहों पर निर्भर है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। नीति आयोग के प्रमुख अमिताभ कांत ने कहा है कि दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद जैसे 15 जगहों पर देश के सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले हैं। महामारी के खिलाफ भारत की सफलता इन्हीं जगहों पर निर्भर है।
नीति आयोग के प्रमुख ने कहा, देश के 15 महानगरों व जिलों में सबसे ज्यादा मामले
उन्होंने कहा कि इन 15 महानगरों व जिलों में से सात में सबसे ज्यादा मामले हैं। ये हैं हैदराबाद (तेलंगाना), पुणे व मुंबई (महाराष्ट्र), जयपुर (राजस्थान), इंदौर (मध्य प्रदेश), अहमदाबाद (गुजरात) और दिल्ली। इसके अलावा ज्यादा संक्रमण वाले आठ अन्य महानगर व जिलों में सूरत व वडोदरा (गुजरात), कुरनूल (आंध्र प्रदेश), भोपाल (मध्य प्रदेश), जोधपुर (राजस्थान), आगरा (उत्तर प्रदेश), ठाणे (महाराष्ट्र) और चेन्नई (तमिलनाडु)। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में इनकी की सफलता भी अहम है।
इन जगहों पर निगरानी, कंटेनमेंट, जांच और इलाज पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत
कांत ने एक ट्वीट में कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ देश की लड़ाई में ये 15 महानगर व जिले, खासकर सबसे ज्यादा मामले वाले सात महानगर व जिले बहुत अहम हैं। हमें इन महानगरों व जिलों में आक्रामक तरीके से निगरानी, कंटेनमेंट, जांच और उपचार पर ध्यान देना होगा। इस लड़ाई में इन जिलों में जीत पर ही देश की सफलता निर्भर करेगी।
हालात से निपटने के लिए सरकार ने गठित किया उच्चाधिकार समूह का गठन
गौरतलब है कि देश में तेजी से कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए 25 मार्च को पहली बार लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। उसके बाद लॉकडाउन को फिर तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया गया था। सरकार ने हालात से निपटने और उपाय सुझाने के लिए 11 उच्चाधिकार समूह का गठन किया है। ऐसे ही समूह नंबर छह के अध्यक्ष अमिताभ कांत है। इस समूह की जिम्मेदारी निजी क्षेत्र, एनजीओ और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करना है।