छेड़खानी मामले में जनहित याचिका दाखिल करेंगे सुब्रमण्यम स्वामी
जनहित याचिका दायर करने के सवाल पर स्वामी ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस इस स्थिति में नहीं है कि वह निष्पक्ष जांच कर सके।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि वह आइएएस अफसर की बेटी का पीछा कर अपहरण करने की कोशिश करने के मामले में जनहित याचिका दाखिल करेंगे। स्वामी ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने 'कलाबाजी' दिखाई है। पुलिस ने मामले को हल्का करने के लिए आरोपियों के खिलाफ जमानती धाराओं में केस दर्ज किया। इससे आरोपियों को गिरफ्तारी के तुरंत बाद जमानत मिल गई। जनहित याचिका दायर करने के सवाल पर स्वामी ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस इस स्थिति में नहीं है कि वह निष्पक्ष जांच कर सके।
यह दो बच्चों का विवाद है : रामबिलास शर्मा
कैथल : चंडीगढ़ में आइएएस अफसर की बेटी के साथ छेड़छाड़ मामले में शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा ने कहा कि यह दो बच्चों का आपस का विवाद है। उन्होंने कहा कि दोनों ही बच्चे हरियाणा के हैं। बेटी हमारे वरिष्ठ अधिकारी की है और बेटा हमारे अध्यक्ष का है। शिक्षा मंत्री सोमवार को एक कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। उन्होंने कहा कि बेटी की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने दोनों लड़कों को गिरफ्तार किया है। कानून अपनी प्रक्रिया पूरी कर रहा है। अब मामला अदालत में है। विपक्षी दलों को तो मुद्दा चाहिए। शर्मा ने कहा कि इस मुद्दे पर इससे ज्यादा उनका बोलना ठीक नहीं है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ छेड़खानी मामला: विपक्ष का BJP पर हमला, कांग्रेस ने मांगा सुभाष का इस्तीफा