सोनिया ने मोदी सरकार पर किया हमला, कहा- असंतोष को बताया जा रहा आतंकवाद
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि राजनीतिक विरोधियों और सिविल सोसाइटी के सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र चौराहे पर खड़ा है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि राजनीतिक विरोधियों और सिविल सोसाइटी के सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा। दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र चौराहे पर खड़ा है। असंतोष को आतंकवाद या राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के रूप में पेश किया जा रहा है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार को दमन और धमकी से खत्म कर दिया: सोनिया
एक अखबार में प्रकाशित लेख में सोनिया गांधी ने आरोप लगाया है कि भारत की अर्थव्यवस्था गंभीर संकट में है, 'लेकिन मोदी सरकार इस तरफ ध्यान देने की जगह लोकतंत्र के सभी स्तंभों को कमजोर करने में लगी है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार को दमन और धमकी के माध्यम से व्यवस्थित रूप से खत्म कर दिया गया है।' कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि हर मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर असल समस्याओं से लोगों का ध्यान भटका दिया गया है।
पंजाब में कृषि कानूनों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले जलाए गए
पंजाब में कृषि कानूनों को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इस बीच दशहरे के मौके पर पंजाब में कई जगहों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले जलाए गए। वहीं, इसको लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी कई सवाल खड़े किए थे। अब इसपर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उलटा राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। नड्डा ने कहा कि पंजाब में ये ड्रामा राहुल गांधी के इशारे पर हुआ है। ये घटना शर्मनाक तो है लेकिन हम ऐसी उम्मीद कर रहे थे।
राहुल गांधी ने कहा- पीएम मोदी को इन लोगों से बात करनी चाहिए
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा था कि पूरे पंजाब में पीएम मोदी का पुतला जलाया गया। राहुल ने कहा कि ये दुखद है कि पंजाब में पीएम के प्रति लोगों का गुस्सा इस स्तर तक पहुंच गया है, पीएम मोदी को इन लोगों से बात करनी चाहिए। राहुल ने अपनी ट्वीट के साथ एक कॉपी भी लगाई थी, जिसमें रविवार को पंजाब में कुछ लोगों द्वारा रावण के पुतले में पीएम मोदी का मुखौटा लगाकर जलाया गया था।
नड्डा ने कहा- नेहरू-गांधी खानदान ने कभी भी प्रधानमंत्री पद का आदर नहीं किया
नड्डा ने जवाब देते हुए कहा कि नेहरू-गांधी खानदान ने कभी भी प्रधानमंत्री पद का आदर नहीं किया है। 2004-2014 के बीच भी ऐसा ही देखने को मिला था जब यूपीए के शासनकाल में पीएम पद को संस्थागत तरीके से कमजोर किया गया था।
नड्डा ने कहा- कांग्रेस का आचरण घृणा योग्य
उन्होंने आगे कहा, 'अगर कोई एक पार्टी जिसका आचरण घृणा योग्य है, तो वो कांग्रेस है। एससी/एसटी समुदायों पर अत्याचार राजस्थान में हमेशा ज्यादा रहा है, राजस्थान के साथ-साथ पंजाब में भी महिलाएं असुरक्षित हैं और उनके पंजाब के मंत्री छात्रवृत्ति घोटाले कर रहे हैं।'