समाजवाद हो गया असभ्यवाद : साध्वी
विहिप की फायर ब्रांड नेत्री साध्वी प्राची ने पटलवार करते हुए कहा कि समाजवाद में असभ्यवाद का समावेश हो गया है।
जागरण संवाददाता, बरेली । कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के विवादित बयान पर तूफान खड़ा हो गया है।विहिप की फायर ब्रांड नेत्री साध्वी प्राची ने पटलवार करते हुए कहा कि समाजवाद में असभ्यवाद का समावेश हो गया है। समाजवादी नेताओं में महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी की होड़ सी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि ताजा बयान को लेकर वह चुप नहीं बैठेगी, हरिद्वार में मंत्रणा के बाद वह शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें सरकार से हटाने की मुहिम भी शुरू करेगी।
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री व सपा के कद्दावर नेता शिवपाल सिह यादव गुरुवार को एक निजी कार्यक्रम में बरेली आए थे। इस दौरान उन्होंने साध्वी के बारे में विवादित बयान दे दिया। शिवपाल के बयान पर विहिप की फायर ब्रांड नेता व साध्वी प्राची ने तीखा पलटवार किया है। दैनिक जागरण से बातचीत में साध्वी ने कहा, उप्र की समाजवादी सरकार में महिलाओं पर जुल्म बढ़ते जा रहे हैं। थानों में इज्जत लूटी जा रही है। सरकार में शामिल समाजवादियों में महिलाओं को लेकर अशोभनीय टिप्पणी करने की होड़ सी लगी हैं। पहले सपा सुप्रीमो ने कहा कि लड़कों से गल्तियां हो जाती हैं, फिर कैबिनेट मंत्री आजम खां महिलाओं को बच्चे पैदा करने वाली मशीन बताते हैं। अब कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव साध्वियों को बच्चे पैदा करने को लेकर चुटकियां लेते हैं। साध्वी प्राची ने तंज कसा। कहा कि सैफई में बार बालाओं का डांस देखने वालों से इससे ज्यादा उम्मीद भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि साध्वियां बच्चे नहीं पैदा करतीं मगर वे बच्चों को ऐसे संस्कार देती हैं कि वे देश की सेवा में आगे रहते हैं। इसकी झलक देखना है तो समाजवादी वंृदावन में साध्वी ऋतंभरा के आश्रम 'वात्सल्य ग्राम' पहुंचे, जहां चार नहीं चार हजार बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। खुद शिवपाल सिंह यादव को अपने धार्मिक गुरु कैलाशानंद महाराज के आश्रम जाकर देखना चाहिए कि वहां वहां बच्चों को किस तरह संस्कार सिखाए जाते हैं।