तमिलनाडु: लग्जरी लाइफ का रील बनाती थी इन्फ्लुएंसर, वीडियो देखकर चोरों ने घर से उड़ा दिए 1 करोड़ के सामान
सोशल मीडिया पर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और गहने दिखाने वाली इन्फ्लुएंसर मधुप्रीता के नगेकोइल स्थित घर में चोरी हो गई। ...और पढ़ें
-1790415238039_m.webp)
(एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
इन्फ्लुएंसर मधुप्रीता के नगेकोइल घर में हुई चोरी।
चोरों ने 1 करोड़ के सोने-हीरे के गहने, नकदी चुराई।
पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट को चोरी का कारण मान रही।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। सोशल मीडिया पर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल, गहने और पैसों के वीडियो शेयर करना एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को भारी पड़ गया। तमिलनाडु के नगेकोइल के पास एक वीआईपी इलाके में रहने वाली इन्फ्लुएंसर मधुप्रीता और उनके व्यापारी पति विनोद कुमार के घर चोरों ने धावा बोलकर करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-हीरे के गहने और नकदी चुरा ली।
पुलिस के मुताबिक, मधुप्रीता और उनके पति अपनी दो साल की बेटी के साथ 24 सितंबर की शाम को कपड़े खरीदने तिरुनेलवेली गए थे। जब वे रात करीब 12 बजे वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजा नहीं खुला।
पति विनोद कुमार ने पीछे जाकर देखा, तो पिछले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर पता चला कि बेडरूम का सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी खुली है। चोर एक सूटकेस में रखे तकरीबन 900 से ज्यादा ग्राम सोने और हीरे के गहने, साथ ही 50000 रुपये नकद चुराकर ले गए। पुलिस को शक है कि चोरों ने दरवाजा तोड़ने के लिए ट्री-कटर का इस्तेमाल किया होगा।
पुलिस जांच में निकला सोशल मीडिया एंगल
इस मामले में पुलिस अब सोशल मीडिया रील्स और पोस्ट की भी बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि मामले में बड़ी बात यह है कि मधुप्रीता के यूट्यूब पर 41000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर अपने वीडियो में सोने के गहने और घर में रखे कैश के बंडल दिखाती थीं। एक वीडियो में वह अपनी बेटी को पैसे देते हुए भी नजर आई थीं।
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करना पड़ा भारी
पुलिस का मानना है कि उन्होंने अपनी हर खरीदारी, ज्वैलरी स्टोर के नाम और यहां तक कि बाहर जाने के प्लान भी सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या चोरों ने इन्हीं पोस्ट को देखकर घर खाली होने का अंदाजा लगाया था।
हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़ने के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया गया है।
