दिल्ली जैसा है दुनिया के इन शहरों का हाल, दुनिया के सबसे प्रदुषित शहरों में हैं शामिल
दिल्ली एनसीआर इन दिनों लगातार बढ़ते प्रदूषण की चपेट में है। आलम ये है कि यहां पर किसी भी तरह की कंस्ट्रेक्शन पर रोक लगा दी गई है।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। दिल्ली एनसीआर इन दिनों लगातार बढ़ते प्रदूषण की चपेट में है। आलम ये है कि यहां पर किसी भी तरह की कंस्ट्रेक्शन पर रोक लगा दी गई है। सीपीसीबी ने सुबह वॉक पर जाने वालों को ऐसा न करने को कहा है। गैस चैंबर बनी दिल्ली को लेकर हर कोई चिंता में है। वहीं पर यहां रहने वाले लोग सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन, गले में खराश जैसी समस्या से जूझ रहे हैं। कुल मिलाकर यह कहना गलत नहीं होगा कि यहां पर इन दिनों हालात बद से बदत्तर होते जा रहे हैं। लेकिन इन सभी के बीच क्या आप यह भी जानते हैं कि दुनिया में कितने शहर इसी तरह की तकलीफ को झेलने के लिए मजबूर हैं।
छह देशों की राजधानी की हवा भी दमघोंटू
आगे बढ़ने से पहले आपको ये भी बता दें कि बढ़ते प्रदूषण की चपेट में विकसित राष्ट्र के शहर भी हैं। आपको जानकर ताज्जुब होगा कि छह देशों की राजधानी दुनिया के सबसे प्रदुषित शहरों में गिनी जाती हैं। अमेरिका का लॉस एंजेलिस शहर दुनिया के दस सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की इस वर्ष अगस्त में आई रिपोर्ट को यदि गौर करें तो इस लिस्ट में पहले नंबर पर मिस्र की राजधानी कायरो का नाम आता है। इसके बाद दिल्ली (भारत), बीजिंग (चीन), मास्को (रूस), इस्तानबुल (मिस्र), गुआंगझू, शंघाई, ब्यूनस आयर्स (अर्जेंटीना), पेरिस (फ्रांस) और अंत में लॉस एंजेलिस का नाम आता है। वहीं आपको यह भी बता दें कि स्वीटजरलैंड का सबसे बड़ा शहर ज्यूरिख दुनिया का सबसे साफ आबो-हवा वाला शहर है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की ताजा रिपोर्ट में यहां तक कहा गया है कि दुनिया के दस में नौ लोग प्रदुषित हवा में सांस ले रहे हैं।
डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट
डब्ल्यूएचओ की मानें तो दुनिया में करीब 70 लाख लोग इसी प्रदुषित हवा का शिकार होकर मौत के मुंह में समा जाते हैं। प्रदुषित हवा की वजह से फेंफड़े खराब होने से लेकर लंग कैंसर, स्ट्रॉक, निमोनिया, क्रोनिक डिजीज जैसे घातक रोग हो जाते हैं। इतना ही नहीं हमारे आस-पास की खराब आबो-हवा हमारे शरीर के अलावा हमारे दिमाग को भी नुकसान पहुंचाती है। यह इंसान को डिप्रेशन तक का शिकार बना सकता है। डब्ल्यूएचओ की यह रिपोर्ट शहरों के PM10 and PM2.5. के आधार पर तैयार की गई है। इसके अलावा इसमें ध्वनि प्रदूषण, रोशनी से होने वाले प्रदूषण तक का जिक्र किया गया है।
प्रदूषण के प्रमुख कारक
हवा के प्रदूषण के प्रमुख कारक हैं पार्टिकुलेट मैटर यानी पीएम, सल्फ़र डाई ऑक्साइड, नाइट्रस ऑक्साइड और ओजोन। पार्टिकुलेट मैटर यानी वो काला धुआं जो गाड़ियों और कारखानों से निकलता है। साथ ही वो खाना बनाने के लिए जलाई जाने वाली लकड़ी से भी पैदा होता है। यही पीएम पराली जलाने से भी हवा में घुलता है। कारों से सल्फ़र डाई ऑक्साइड, नाइट्रोजन और ओज़ोन के तौर पर प्रदूषण फैलाने वाले केमिकल निकलते हैं। दिल्ली एनसीआर की ही यदि बात करें तो ऐसा हाल पिछले वर्ष भी था। इससे बचने के लिए पिछले वर्ष नवंबर में स्कूल बंद करने पड़े थे, ताकि बच्चों को दमघोंटू धुएं से बचाया जा सके। पिछले वर्ष दिल्ली में प्रदूषण का स्तर, विश्व स्वास्थ्य संगठन के तय मानक से तीस गुना ज्यादा दर्ज किया गया था।
चीन ने कई चीजों पर लगाई रोक
हालांकि चीन ने अपने यहां पर बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वहां पर कोयले के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा दी थी। इसके अलावा औद्योगिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। इसका असर ये हुआ कि वहां की आबोहवा पहले के मुकाबले साफ हुई थी। इससे देश भर में प्रदूषण के स्तर में 4.5 फीसदी की कमी आई। चीन ने 2013 में बीजिंग से कोयला, सीमेंट और स्टील का उत्पादन बंद कर दिया था।