सिंगापुर एयरलाइंस को मिला दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन का खिताब, किस स्थान पर है एअर इंडिया और इंडिगो ?
सिंगापुर एयरलाइंस ने कतर एयरवेज को पछाड़कर 'वर्ल्ड एयरलाइन अवार्ड्स 2026' में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन का खिताब जीता है। ...और पढ़ें

सिंगापुर एयरलाइंस बनी दुनिया की नंबर 1 एयरलाइन (फाइल फोटो- SIA)
HighLights
सिंगापुर एयरलाइंस ने 'वर्ल्ड एयरलाइन अवार्ड्स 2026' में सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन का खिताब जीता
एअर इंडिया 57वें स्थान पर, भारत-दक्षिण एशिया की शीर्ष एयरलाइन बनी
इंडिगो वैश्विक रैंकिंग में 61वें स्थान पर, भारत की दूसरी सबसे उच्च
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की प्रमुख एयरलाइंस की नई रैंकिंग सामने आ गई है। स्काईट्रैक्स के वार्षिक 'वर्ल्ड एयरलाइन अवार्ड्स 2026' में सिंगापुर एयरलाइंस ने कतर एयरवेज को पछाड़कर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन का खिताब हासिल कर लिया है। पिछले साल यह एयरलाइन दूसरे नंबर पर थी।
वैश्विक रैंकिंग में भारतीय एयरलाइंस का प्रदर्शन सामान्य रहा, जहां एअर इंडिया के 27 पायदानों के शानदार सुधार के साथ 57वां स्थान हासिल किया और भारत व दक्षिण एशिया की शीर्ष एयरलाइन बनी। वहीं इंडिगो पिछले साल के 39वें स्थान से गिरकर 61वें स्थान पर पहुंच गई है। वैश्विक स्तर पर गिरावट के बावजूद, इंडिगो भारत की दूसरी सबसे उच्च रैंकिंग वाली एयरलाइन बनी हुई है।
यह रैंकिंग सितंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच 300 से अधिक एयरलाइनों से प्राप्त यात्रियों की प्रतिक्रिया पर आधारित है।
स्काईट्रैक्स के वार्षिक वर्ल्ड एयरलाइन अवार्ड्स के अनुसार, सिंगापुर एयरलाइंस को 2026 के लिए दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन घोषित किया गया है। वहीं कतर एयरवेज जो पिछली साल सीर्ष पर थी, दूसरे स्थान पर रही, वहीं कैथे पैसिफिक ने तीसरा स्थान बरकरार रखा।
इसके अलावा एएनए पांचवें से चौथे स्थान पर आ गई, और टर्किश एयरलाइंस एक पायदान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गई। एमिरेट्स चौथे से छठे स्थान पर खिसक गई। एयर फ्रांस, हैनान एयरलाइंस, जापान एयरलाइंस और कोरियन एयर ने टॉप 10 में जगह बनाई।
भारत और दक्षिण एशिया की क्षेत्रीय रैंकिंग
स्काईट्रैक्स की क्षेत्रीय रैंकिंग के अनुसार, एअर इंडिया ने भारत और दक्षिण एशिया श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है, हालांकि वैश्विक स्तर पर यह अभी भी टॉप 50 से बाहर है।
दक्षिण एशिया क्षेत्र की शीर्ष एयरलाइनों का क्रम इस प्रकार है-
- एयर इंडिया
- इंडिगो
- अकासा एयर
- एयर इंडिया एक्सप्रेस
- श्रीलंकाई एयरलाइंस
- स्पाइसजेट
- बियॉन्ड
- विमान बांग्लादेश एयरलाइंस
- पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस
- मालदीवियन
एक तरफ जहां एयर इंडिया और इंडिगो दोनों ने वैश्विक शीर्ष 100 एयरलाइंस की सूची में जगह बनाई है, वहीं अकासा एयर, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्पाइसजेट जैसी अन्य भारतीय एयरलाइनों को वैश्विक सूची में अलग से स्थान नहीं मिल सका।
