सिक्किम: NH-10 पर रात में आठ घंटे बंद रहेगा यातायात; 4 नवंबर तक रहेगा प्रतिबंध
सिक्किम में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर रंगपो और सिंगताम के बीच रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर आंशिक प्रतिबंध लगाया गया है।

सिक्किम NH-10 पर रात में यातायात बंद

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गंगटोक। सिक्किम को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (एनएच-10) पर रंगपो और सिंगताम के बीच वाहनों की आवाजाही पर आंशिक प्रतिबंध लगाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के अनुसार यह प्रतिबंध चार नवंबर 2026 की सुबह पांच बजे तक प्रभावी रहेगा। सड़क की आपातकालीन मरम्मत और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 20वें माइल के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में यह व्यवस्था की गई है।
एनएचआईडीसीएल के पीएमयू रंगपो की ओर से जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, प्रतिदिन रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कुल आठ घंटे वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान सड़क पर दोतरफा यातायात व्यवस्था से संबंधित आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य किए जाएंगे। यह प्रतिबंध सड़क की स्थिति को देखते हुए लगाया गया है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रतिबंध के दौरान हल्के मोटर वाहन रंगपो-डुगा-पांडम-सिंगताम मार्ग या मामरिंग-नामथांग-सिंगताम-गंगटोक मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, इन मार्गों के संकरे होने के कारण वाहनों की आवाजाही में परेशानी और जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। इसलिए वाहन चालकों को यात्रा से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने और समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
एनएचआइडीसीएल के अनुसार, सभी श्रेणी के वाहनों के लिए रंगपो-रोड़ाथांग-पक्योंग-गंगटोक मार्ग भी वैकल्पिक रास्ते के रूप में उपलब्ध रहेगा। वाहन चालक अपनी जरूरत और वाहन की श्रेणी के अनुसार इस मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। रात के समय यात्रा करने वाले लोगों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रशासन से यातायात प्रबंधन का अनुरोध
एनएचआईडीसीएल ने संबंधित जिला प्रशासन से वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक यातायात प्रबंधन करने का अनुरोध किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रतिबंध चार नवंबर की सुबह पांच बजे तक जारी रहेगा। हालांकि, संबंधित प्राधिकारी की ओर से आदेश वापस लेने या उसमें बदलाव किए जाने पर इसकी अवधि में परिवर्तन हो सकता है।
इसके साथ ही यात्रियों और वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे रात में यात्रा करने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी लें और निर्धारित समय के दौरान बंद हिस्से से गुजरने की योजना न बनाएं।
