विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्जी कृषि कॉलेजों पर लगेगी लगाम: शिवराज चौहान बोले- फीस लेकर डिग्री बांटने का कारोबार नहीं चलेगा

Published: Thu, 15 Oct 2026 12:14 AM (IST)

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फर्जी कृषि कॉलेजों और डिग्री बांटने पर सख्ती से रोक लगाने की घोषणा की है।

फीस लेकर डिग्री बांटने का कारोबार नहीं चलेगा।

फीस लेकर डिग्री बांटने का कारोबार नहीं चलेगा।

HighLights

  1. फर्जी कृषि कॉलेजों और डिग्री बांटने पर लगेगी रोक।

  2. कृषि क्षेत्र के विनियमन हेतु जल्द बनेगी कृषि परिषद।

  3. छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि मानकों के बिना तेजी से खुल रहे निजी कृषि कालेजों और फर्जी डिग्रियां बांटने पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को विनियमित करने के लिए जल्द ही कृषि परिषद का गठन किया जाएगा।

यहां एग्रीविजन के 10वें राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि कृषि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की ‘पहली प्राथमिकता’ है।

एक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि किसी को भी ‘सिर्फ फीस लेकर डिग्रियां बांटने का कारोबार’ चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि बीएससी (कृषि) और एमएससी (कृषि) जैसी तकनीकी डिग्रियों को पूरा सम्मान मिले और उनका महत्व व्यर्थ न जाए।

चौहान ने कहा कि भारत में औसत जोत का आकार केवल 0.96 हेक्टेयर है, इसलिए छोटे और सीमांत किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि विविधीकरण आवश्यक है। अनाज की खेती को फल, सब्जियों, औषधीय फसलों, पशुपालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और प्राकृतिक खेती से जोड़कर ही आजीविका सुरक्षित की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि खेती में एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों को शामिल करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। चौहान ने नीतियां बनाने में छात्र और किसान संगठनों के सुझावों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सम्मेलन में मौजूद विशेषज्ञों और विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे विषयों पर गहराई से विचार करें और ऐसे निष्कर्ष निकालें, जिन्हें सरकार ‘राष्ट्रीय हित में’ लागू कर सके।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन के निष्कर्षों के आधार पर अल्पकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्यों को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए वह 15 दिन से एक महीने के भीतर उनके प्रतिनिधियों से फिर मुलाकात करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री ने एग्रीविजन की 10 साल की यात्रा पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)