विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हमेशा देर कर देता हूं...', शशि थरूर ने उर्दू शायर मुनीर नियाजी के शेर से कसा पीएम मोदी पर तंज

Published: Thu, 23 Jul 2026 02:42 PM (IST)

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पेपर लीक मामलों पर प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया को देरी से आया बताया, पाकिस्तानी शायर मुनीर नियाजी के शेर से तंज कसा।

पेपर लीक मामले में पीएम मोदी की प्रतिक्रिया पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कसा तंज। (फोटो- पीटीआई।)

पेपर लीक मामले में पीएम मोदी की प्रतिक्रिया पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कसा तंज। (फोटो- पीटीआई।)

HighLights

  1. थरूर ने पेपर लीक पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया को देरी बताया।

  2. पाकिस्तानी शायर मुनीर नियाजी के मशहूर शेर से तंज कसा।

  3. पीएम मोदी ने पेपर लीक दोषियों को कड़ी सजा का वादा किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के सीनियर नेता शशि थरूर ने गुरुवार को पेपर लीक मामलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया पर शायरी के जरिए तंज कसा। उन्होंने पाकिस्तानी उर्दू शायर मुनीर नियाजी के एक मशहूर शेर का इस्तेमाल करते हुए कहा कि सरकार का जवाब बहुत देर से आया है।

देश के युवाओं के भविष्य और कल्याण की सुरक्षा के मकसद वाली प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया पर तंज करते हुए तिरुवनंतपुरम के सांसद ने एक्स पर पोस्ट किया, "हमेशा देर कर देता हूं मैं हर काम करने में, जरूरी बात कहनी हो, कोई वादा निभाना हो।"

पाकिस्तानी शायर का शेर लिखकर थरूर ने की आलोचना

इस शेर के जरिए थरूर ने केंद्र सरकार की देरी की आलोचना की। इस तरह का पोस्ट करके तिरुवनंतपुरम के सांसद ने केंद्र पर निशाना साधने में कांग्रेस के अन्य नेताओं का साथ दिया और अपनी आलोचना के लिए शेर का सहारा लिया।

पीएम मोदी ने क्या कहा था?

इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक विवाद पर सीधे छात्रों से बात की, कई उपायों की घोषणा की और दोषियों को कड़ी सजा देने का वादा किया।

पीएम मोदी ने लिखा, "हमारे युवाओं की भलाई और भविष्य से ज्यादा जरूरी कुछ भी नहीं है! हमने पेपर लीक में शामिल लोगों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का फैसला किया है। संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। यह छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उठाए जा रहे हमारे कदमों की कड़ी का ही एक हिस्सा है।"

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "जो लोग हमारे युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।"

इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन एक महीने से ज्यादा समय से जारी है, जबकि वैज्ञानिक और एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल गुरुवार को 26वें दिन में प्रवेश कर गई।

यह भी पढ़ें: 'शर्तें मत थोपो, बहाने मत बनाओ'; संसद में किरेन रिजिजू और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच तीखी बहस