'एक मुहावरे का इस्तेमाल किया, किसी के पिता का अपमान नहीं', खरगे के बयान पर बोले शशि थरूर
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' बयान पर विवाद के बाद, शशि थरूर ने इसे एक आम मुहावरा बताया।

एक मुहावरे का इस्तेमाल किया, किसी के पिता का अपमान नहीं।
HighLights
खरगे के बयान पर थरूर ने दी सफाई
कहा, 'मोदी का बाप' एक आम मुहावरा
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के पतन पर चिंता जताई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' वाले बयान पर मचे हंगामे के बीच, पार्टी सासंद शशि थरूर ने कहा कि इसे लेकर इतना तमाशा खड़ा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता सिर्फ एक आम मुहावरे का इस्तेमाल कर रहे थे, न कि किसी के पिता का अपमान कर रहे थे।
थरूर का यह बयान खड़गे के उस विवादित बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने 'मोदी का बाप भी जाएगा' कहा था। खड़गे ने यह बात बिहार के पटना में एक कार्यक्रम के दौरान तब कही, जब वहां मौजूद एक व्यक्ति ने टिप्पणी की कि 'प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे।'
हर बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की आदत- थरूर
खरगे के इस बयान पर बीजेपी की ओर से हो रही तीखी आलोचनाओं के बारे में पूछे जाने पर थरूर ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे देश में लोगों को हर बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने और तमाशा करने की आदत है। खरगे साहब ने जो कहा, उसका मतलब बिल्कुल साफ है। मुझे नहीं लगता कि इसे लेकर इतना हंगामा करने की कोई जरूरत है।
पत्रकारों से बातचीत में थरूर ने कहा कि जाहिर है कि वह सिर्फ एक आम मुहावरे का इस्तेमाल कर रहे थे। वह किसी के पिता का अपमान नहीं कर रहे थे।
कांग्रेस राजनीतिक-वैचारिक रूप से पतन की ओर- राजनाथ सिंह
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणी को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि मुख्य विपक्षी पार्टी न केवल राजनीतिक रूप से, बल्कि वैचारिक रूप से भी पतन की ओर जा रही है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
