विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भ्रष्टाचार पर सीबीआई का बड़ा प्रहार, DHFL घोटाले से जुड़े मामले में एक करोड़ रिश्वत मांगने पर एसएफआईओ गिरफ्तार

Published: Fri, 16 Oct 2026 02:00 AM (GMT+05:30)

सीबीआई ने कहा कि उसने गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) में तैनात भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक अधिकारी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।

DHFL घोटाले से जुड़े मामले में एक करोड़ रिश्वत मांगने पर एसएफआईओ गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)

DHFL घोटाले से जुड़े मामले में एक करोड़ रिश्वत मांगने पर एसएफआईओ गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. सीबीआई ने दिल्ली के वकील व उनके रिश्तेदार को भी किया गिरफ्तार

  2. ऋण घोटाले से जुड़े मामले में राजनेता-व्यवसायी से रिश्वत मांगी थी

पीटीआई, नई दिल्ली। सीबीआई ने कहा कि उसने गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) में तैनात भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक अधिकारी और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने डीएचएफएल ऋण घोटाले से जुड़े मामले में एक राजनेता-व्यवसायी से एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी।

अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने 2017 बैच के आईआरएस आयकर अधिकारी हरीश कुमार तंवर, जो चेन्नई स्थित एसएफआईओ में उप निदेशक के पद पर तैनात थे, दिल्ली के अधिवक्ता भरत शर्मा और उनके रिश्तेदार आर्यन शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने रिश्वत की आंशिक रकम के तौर पर 20 लाख रुपये लिए।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) की एफआईआर के अनुसार, तंवर और शर्मा ने शिकायतकर्ता से एक करोड़ रुपये का अनुचित लाभ मांगा था। आरोप है कि वे 34 हजार करोड़ रुपये की डीएचएफएल ऋण धोखाधड़ी से जुड़े मामले में एसएफआईओ की जांच में शिकायतकर्ता के पक्ष में काम करने के बदले यह रकम मांग रहे थे।

सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, “शिकायत का सत्यापन करने और एफआइआर दर्ज करने के बाद सीबीआइ ने जाल बिछाया और एसएफआइओ के उप निदेशक स्तर के एक अधिकारी, दिल्ली के एक अधिवक्ता और एक अन्य निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अधिवक्ता ने एसएफआइओ अधिकारी की ओर से शिकायतकर्ता से मांगी गई एक करोड़ रुपये की रिश्वत की आंशिक रकम के तौर पर 20 लाख रुपये लिए थे।”

बयान में कहा गया कि जांच एजेंसी ने तंवर और शर्मा के ठिकानों पर तलाशी ली और मामले से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री जब्त की।