फेलिन के बाद आंध्र में हेलेन तूफान का खतरा
हैदराबाद। चक्रवाती तूफान फेलिन के जख्मों से उबरने में जुटे आंध्र प्रदेश पर अब एक और तूफान हेलेन का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक हेलेन गुरुवार रात दक्षिणी आंध्र के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। जनहानि से बचने के लिए राज्य के चार तटीय जिलों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का व्यापक अभियान शुरू कर दिया ग
हैदराबाद। चक्रवाती तूफान फेलिन के जख्मों से उबरने में जुटे आंध्र प्रदेश पर अब एक और तूफान हेलेन का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक हेलेन गुरुवार रात दक्षिणी आंध्र के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। जनहानि से बचने के लिए राज्य के चार तटीय जिलों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है।
आंध्र प्रदेश के अलावा उत्तरी तमिलनाडु और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों के भी तूफान की चपेट में आने की आशंका है। आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव पीके मोहंती ने चार तटीय जिलों- नेल्लोर, प्रकाशम, गुंटूर और कृष्णा- के सभी कलेक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग द्वारा बुधवार को जारी अलर्ट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना दबाव अगले 24 घंटों में चक्रवात में परिवर्तित होकर श्रीहरिकोटा और ओंगोल के बीच कवाली तट से टकराएगा। फिलहाल यह कवाली से 430 किमी दूर पूर्व में केंद्रित है।
पढ़ें : तबाही छोड़ गया फेलिन, 90 लाख लोग प्रभावित
आपदा प्रबंधन आयुक्त सी पार्थसारथी ने नेल्लोर व प्रकाशम जिलों में 25 सेंटीमीटर और गुंटूर व कृष्णा में 5 सेंटीमीटर तक बारिश होने की आशंका जताई है। इस दौरान 100 से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण [एनडीएमए] के उपाध्यक्ष एम शशिधर रेड्डी के मुताबिक तटीय इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का काम शुरू कर दिया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर