मोदी मंत्रिमंडल में पूर्व आर्मी अधिकारी व ब्यूरोक्रेट को मिली तवज्जो
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रिपरिषद का बहुप्रतीक्षित विस्तार किया जिसमें नौ नये चेहरों को शामिल किया गया और चार मंत्रियों को कैबिनेट मंत्री के रूप में प्रमोशन दिया गया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्री परिषद में करीब 10 फीसद पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों को जगह दी गयी है। इस लिस्ट में पूर्व गृह सचिव, सेवानिवृत राजनयिक, पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर व पूर्व आर्मी चीफ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने शपथ ली, उनके अनुभव और बुद्धिमता से मंत्रिपरिषद को काफी लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रिपरिषद का बहुप्रतीक्षित विस्तार किया जिसमें नौ नये चेहरों को शामिल किया गया और चार मंत्रियों धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण और मुख्तार अब्बास नकवी को कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नति मिली।
ये चार ब्यूरोक्रेट हैं शामिल
सत्यपाल सिंह: उत्तर प्रदेश के बागपत से सांसद सत्यपाल सिंह 23 अगस्त 2012 से 31 जनवरी 2014 तक मुंबई पुलिस कमिश्नर रहे। संसदीय सुरक्षा के लिए बनी कमेटी का सत्यपाल नेतृत्व करते रहे हैं। उन्होंने 2014 में बीजेपी में शामिल होने के बाद राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) प्रमुख अजित सिंह को हराया था। अजित सिंह का बागपत सीट पर 1989 से कब्जा था।
राजकुमार सिंह: 1975 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी केंद्रीय गृह सचिव रह चुके हैं। 2013 में वे भाजपा में आए थे 2014 लोकसभा चुनाव में आरा से सांसद बने। उन्होंने ने समस्तीपुर के जिलाधिकारी रहते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी को अक्टूबर 1990 में गिरफ्तार किया था। दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से पढ़े सिंह ने आपदा प्रबंधन के लिए भी काफी काम किया है।
हरदीप सिंह पुरी: हरदीप सिंह पुरी 1974 बैच के आईएफएस अफसर रह चुके हैं। वह संयुक्त राष्ट्र में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। पुरी राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेशी मामलों के जानकार हैं।
अल्फोंस कन्ननाथनम: 1979 केरल बैच के आईएएस अधिकारी और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं। दिल्ली में कमिश्नर रहते हुए उन्होंने 14310 अवैध इमारतों को गिरा दिया था। जिसके बाद अल्फोंस काफी चर्चा में आए थे। जिसके बाद अल्फोंस काफी चर्चा में आए थे। अल्फोंस 1994 में टाइम्स मैगजीन ने 100 यंग ग्लोबल लीडर्स की सूची में शामिल किया था।
रविवार को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 76 हो गयी। ब्यूरोक्रेट व सेना के बैकग्राउंड वाले अन्य तीन मंत्रियों में आर्मी चीफ वीके सिंह, राज्यवर्द्धन राठौड़ और राजस्थान के पूर्व आएएस ऑफिसर अर्जुन राम मेघवाल हैं। गाजियाबाद से लोकसभा सांसद वीके सिंह विदेश मंत्रालय का राज्य मंत्री, ओलंपिक मेडल विजेता राठौड़ को खेल व युवा मामलों के स्वतंत्र प्रभार में राज्य मंत्री और मेघवाल को संसदीय कार्य राज्यमंत्री तथा जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा जीर्णोद्धार राज्यमंत्री बनाया गया।
यह भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट का विस्तार: चार का प्रमोशन, 9 ने ली राज्य मंत्री के रूप में शपथ