महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस को झटका
महाराष्ट्र मे विधान परिषद चुनाव मे सोमवार को कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। इस चुनाव मे जहां भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस को दो-दो सीटे मिलीं वही कांग्रेस और शिवसेना को एक-एक सीट से संतोष करना पड़ा।
मुंबई [जागरण संवाददाता]। महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव में सोमवार को कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। इस चुनाव में जहां भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस को दो-दो सीटें मिलीं वहीं कांग्रेस और शिवसेना को एक-एक सीट से संतोष करना पड़ा।
कांग्रेस का सबसे बड़ा दांव चंद्रपुर सीट से राहुल पुगलिया पर लगा था। पुगलिया को जिताने की जिम्मेदारी स्वयं राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण को सौंपी थी, लेकिन यहां भाजपा उम्मीदवार मितेश भंगड़िया ने कांग्रेस प्रत्याशी को 203 मतों के भारी अंतर से पराजित कर दिया। भाजपा को दूसरी सफलता कांग्रेस के ही गढ़ अमरावती में मिली, जहां उसके उम्मीदवार प्रवीण पोटे ने कांग्रेस के बबलू देशमुख को हराया। कांग्रेस को एकमात्र सफलता केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख के भाई दिलीप देशमुख की जीत के रूप में मिली है, जिसे कांग्रेस के बजाय देशमुख की व्यक्तिगत सफलता माना जा रहा है। कांग्रेस की तुलना में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को अच्छी सफलता मिली। पार्टी ने परभणी और कोकण सीटें जीत लीं। शिवसेना को भी नासिक सीट से संतोष करना पड़ा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर