शक्ति प्रदर्शन से चूके राकांपा-भाजपा कार्यकर्ता
मुंबई [ओमप्रकाश तिवारी]। राकांपा प्रमुख शरद पवार एवं भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे ने 12 दिसंबर को अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला किया है। इसके कारण अपने नेता के जन्मदिन के बहाने शक्ति प्रदर्शन का मन बना रहे कार्यकर्ताओं की मंशा पर पानी फिर गया है। 12 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री शरद पवार 72 वर्ष के, तो लोकसभा में उपनेता
मुंबई [ओमप्रकाश तिवारी]। राकांपा प्रमुख शरद पवार एवं भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे ने 12 दिसंबर को अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला किया है। इसके कारण अपने नेता के जन्मदिन के बहाने शक्ति प्रदर्शन का मन बना रहे कार्यकर्ताओं की मंशा पर पानी फिर गया है।
12 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री शरद पवार 72 वर्ष के, तो लोकसभा में उपनेता गोपीनाथ मुंडे 63 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। अंग्रेजी अंकों में यह तिथि 12-12-12 के रूप में लिखी जा रही है। इसलिए राकांपा कार्यकर्ता इस बार अपने नेता शरद पवार के जन्मदिन पर पूरे राज्य से एकत्र की गई 12,12,012 [बारह लाख, बारह हजार, बारह] शुभकामनाएं इकट्ठा करने की मुहिम चला रहे हैं। ये शुभकामनाएं शरद पवार को बाद में पुणे में एक कार्यक्रम आयोजित कर सौंपी जानी हैं। कार्यकर्ता इसके अलावा भी 12 दिसंबर को अपने नेता का जन्मदिन धूमधाम से मनाना चाहते थे, लेकिन सोमवार को अचानक मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में पवार का ऑपरेशन होने के कारण किसी भी तरह के जश्न का माहौल फीका पड़ गया है।
दूसरी ओर, भाजपा में गोपीनाथ मुंडे के समर्थक भी इस बार अपने नेता का जन्मदिन धूमधाम से मनाना चाहते थे। लंबे समय बाद मुंडे को पुन: राज्य विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी जाने से उनके कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यकर्ता इस उत्साह को शक्ति प्रदर्शन के रूप में व्यक्त करने की योजना बना रहे थे। लेकिन स्वयं गोपीनाथ मुंडे ने बाल ठाकरे के निधन के कारण अपना जन्मदिन न मनाने का फैसला किया है। इससे उनके कार्यकर्ताओं का भी उत्साह ठंडा पड़ गया है। गौरतलब है कि बड़े समारोह के रूप में जन्मदिन मनाना शक्ति प्रदर्शन का माध्यम माना जाता है। लेकिन दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की यह इच्छा इस बार उनके नेताओं की अनिच्छा के कारण अधूरी रह गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर