वरिष्ठ पत्रकार शेखर त्रिपाठी का निधन
शशांक शेखर त्रिपाठी लगभग तीन दशक तक हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय रहे और सदैव तथ्य व सत्य के अन्वेषी रहे।
गाजियाबाद। वरिष्ठ पत्रकार शेखर त्रिपाठी का रविवार को निधन हो गया। शेखर त्रिपाठी 56 वर्ष के थे और उनका विगत कुछ दिनों से स्थानीय यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार सोमवार, 25 दिसंबर को दिल्ली में यमुना तट स्थित निगम बोध घाट पर दोपहर 12 बजे होगा।
मूल रूप से कानपुर के निवासी शशांक शेखर त्रिपाठी लगभग तीन दशक तक हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय रहे और सदैव तथ्य व सत्य के अन्वेषी रहे। उन्होंने कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, बरेली, आगरा और दिल्ली में दैनिक जागरण सहित कई पत्रकारीय प्रतिष्ठानों में योगदान दिया। उनका प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया आदि समस्त पत्रकारीय विधाओं पर समान अधिकार था। उनके शोकाकुल परिवार में माँ, पत्नी और दो पुत्र हैं। शेखर जी के निधन से समस्त पत्रकारिता जगत शोकाकुल है।