तमिलनाडु: भारी बारिश की आशंका, कई जिलों के स्कूल-कॉलेज में छुट्टी
तमिलनाडु व पुड्डुचेरी में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई। इससे दोनों राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
चेन्नई, एएनआई। उत्तर-पूर्वी मॉनसून के कारण तमिलनाडु के कई हिस्सों और पड़ोसी राज्य पुड्डुचेरी में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई। इससे दोनों राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सोमवार को भी भारी बारिश की आशंका देखते हुए पुड्डुचेरी और तमिलनाडु के कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में और बारिश होने का पुर्वानुमान जताया है। बता दें कि चेन्नई में भारी बारिश के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई।
Tamil Nadu: Water entered houses in Chennai, streets left waterlogged after the city received heavy rainfall last evening. Visuals from Korattur in Chennai. pic.twitter.com/wFTGFVjy3r
— ANI (@ANI) December 2, 2019
क्षेत्रीय चक्रवात चेतावनी केंद्र के निदेशक ने कहा कि ऊपरी वायु प्रवाह के कारण राज्य में भारी बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि अगले 24 से 48 घंटे में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है लेकिन रामनाथपुरम, तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन, वेल्लोर, तिरुवल्लुर, तिरुवन्नमलाई जिलों में अगले 24 घंटों में भारी वर्षा हो सकती है। भारी बारिश की आशंका के चलते मद्रास यूनिवर्सिटी और अन्ना यूनिवर्सिटी की सोमवार को होने वाली परीक्षा को आगे के लिए टाल दिया गया है।
Rameswaram: 6 fishing boats were damaged after hitting the shore in the coastal area of Mandapam last night. #TamilNadu pic.twitter.com/QgS4wz8rFd— ANI (@ANI) December 1, 2019
मछुआरों को भी समुद्र में जाने से रोका गया
उन्होंने अरब सागर में दबाव का क्षेत्र बनने के कारण वायु गति बढ़ने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को केप कमोरिन और लक्षद्वीप क्षेत्र में समुद्र में न जाने की सलाह दी है। इस बीच शहर के पुलिस आयुक्त ए के विश्वनाथन ने चेन्नै में स्थिति का जायजा लिया और भारी वर्षा के बाद उपायों की समीक्षा की। विश्वनाथन ने कहा कि स्थिति को देखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के लिए कह दिया गया है।
भारी बारिश की आशंका के चलते पुडुचेरी के सभी स्कूलों और तिरुवल्लूर, तूतोकोड़ि और रामनाथपुरम के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी कर दी गई है। इसके अलावा चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, कडलोर और चेन्नै के स्कूलों में भी सोमवार को छुट्टी की घोषणा की गई है।
जबरदस्त ठंड की चपेट में उत्तर भारत
सर्द हवाओं के चलने के कारण पूरा उत्तर भारत रविवार को ठंड की चपेट में आ गया और कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश जैसे कई स्थानों पर तापमान शून्य के नीचे दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई और यहां न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह शहर में मौसम की सबसे सर्द रात देखी गई और यहां का तापमान शून्य के नीचे 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि श्रीनगर में शून्य से नीचे 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग का प्रसिद्ध स्काइ रिसोर्ट घाटी का सबसे अधिक सर्द स्थान दर्ज किया गया और यहां का तापमान शून्य के नीचे 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले हफ्ते यहां कई फुट हिमपात हुआ था। जम्मू का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के आधार शिविर रियासी जिले के कटरा में तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पांच दिनों से अधिक समय तक जारी हिमपात के बाद आज घाटी में धूप खिली थी।