विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NEET PG आंसर-की पारदर्शिता, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब

Published: Thu, 15 Oct 2026 11:06 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने नीट-पीजी 2026 की उत्तर कुंजी और अभ्यर्थियों के जवाबों को उजागर करने में पारदर्शिता की मांग वाली याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा है।

केंद्र को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस

केंद्र को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (नीट-पीजी) 2026 की उत्तर कुंजी (आंसर-की) और अभ्यर्थियों के उत्तरों को उजागर की प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग वाली याचिका पर केंद्र से जवाब तलब किया।

जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ ने केंद्र सरकार, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग और अन्य पक्षों को नोटिस जारी किए। साथ ही याचिका को लंबित याचिकाओं के साथ संबद्ध कर दिया। शीर्ष अदालत डेमोक्रेटिक मेडिकल एसोसिएशन और अन्य की याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

इसमें प्रत्येक अभ्यर्थी को परीक्षा के दौरान प्रदर्शित वास्तविक प्रश्नों व उत्तर के विकल्पों, उनके दर्ज किए गए जवाब और सही उत्तर उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में अभ्यर्थी स्वतंत्र रूप से इस बात की जांच नहीं कर सकते कि उनके जवाबों का सही मूल्यांकन हुआ है अथवा नहीं। नीट-पीजी, 2026 का आयोजन 30 अगस्त को हुआ था। जयपुर के एक केंद्र पर तकनीकी बाधा से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पांच सितंबर को पूरक पुनर्परीक्षा आयोजित की गई थी।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)