हादसों का सोमवार: चार राज्यों में भगदड़, 19 लोगों की मौत; PM ने किया आर्थिक सहायता का एलान
सावन के तीसरे सोमवार को बिहार के अशोकधाम और उज्जैन के महाकाल मंदिर में भगदड़ सहित चार राज्यों में हुए हादसों में कुल 27 लोगों की जान चली गई।

4 राज्यों में भगदड़ और स्नान से 19 लोगों की मौत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सावन का तीसरा सोमवार श्रद्धालुओं के लिए आहत करने वाली सूचनाएं लेकर आया। बिहार में लखीसराय के अशोकधाम में मची भगदड़ से जहां सात महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई, वहीं 27 घायल हो गए।
इस हृदय विदारक सूचना से लोग दुखी थे ही कि इसी तरह का हादसा मध्य प्रदेश के उज्जैन में हो गया। वहां महाकाल के मंदिर में दर्शन को कतार में लगे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई, जिसमें 13 श्रद्धालु घायल हो गए।
बिहार अभी अशोकधाम के हादसे की सूचना से व्यथित था ही कि राज्य में चार अलग-अलग दुर्घटनाओं में 18 लोगों के बह जाने की सूचना ने लोगों को झकझोर दिया। इसमें से सात की तो डूब जाने से जान चली गई। उधर, उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान अलग-अलग हुए हादसों में गंगा में पांच कांवड़िये डूब गए।
इन हादसों के बीच बंगाल में बीरभूम जिले के तारापीठ मंदिर के पास स्थित पांच मंजिला एक होटल में लगी आग ने दो मासूमों समेत आठ श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। मरने वालों में एक महिला और पांच पुरुष शामिल थे।
करंट फैलने की अफवाह बन गई जानलेवा
लखीसराय जिले में सोमवार सुबह श्रीइंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोकधाम के दक्षिणी द्वार से अशोकधाम स्टेशन मार्ग के बीच भीड़ बेकाबू हो गई। इससे भगदड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब पौने पांच बजे अशोकधाम स्टेशन पर मोकामा-बैद्यनाथधाम मेला स्पेशल ट्रेन से सैकड़ों श्रद्धालु उतरे और मंदिर के दक्षिणी द्वार की ओर बढ़ने लगे। इससे मार्ग पर भीड़ का दबाव बढ़ गया।
इसी दौरान दृष्टिकिरण विला के पास एक जर्जर विद्युत पोल भीड़ के दबाव से गिर पड़ा। तार से निकली चिंगारी देखकर करंट फैलने की अफवाह फैल गई और भगदड़ मच गई। इसमें कई महिलाएं नीचे दब गईं। इसमें सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए।
मरने वालों में लखीसराय, मुंगेर और पटना जिले की महिलाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मरने वालों के स्वजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सभी मरने वालों के आश्रित को चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया। घटना मंदिर से करीब चार सौ मीटर की दूरी पर घटी।
उज्जैन में भी अफवाह की वजह करंट
उज्जैन में ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए सोमवार सुबह श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी। इसी बीच करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ मच गई।
इस दौरान कई श्रद्धालु गिरने और बैरिकेडिंग से टकराने के कारण घायल हो गए। 13 घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ की स्थिति बैरिकेडिंग में करंट आने की अफवाह से बनी।
हालांकि, उज्जैन जिला प्रशासन की ओर से करंट आने और भगदड़ जैसी स्थिति बनने से इन्कार किया गया। घायलों में मध्य प्रदेश और गुजरात के निवासियों के अलावा बिहार के दरभंगा निवासी सुजीत कुमार और उनके स्वजन भी शामिल रहे, जिन्हें उपचार के बाद शाम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डूबने की चार जगह हुईं दुर्घटनाएं
बिहार में बख्तियारपुर, कटिहार, मुजफ्फरपुर और मधुबनी में सावन के तीसरे सोमवार को अलग-अलग घटनाओं में नदी में स्नान के दौरान 18 लोग बह गए। इनमें सात की मौत हो गई, जबकि तीन लापता थे। इनकी तलाश की जा रही थी। आठ लोगों को बचा लिया गया है।
फर्रुखाबाद और कासगंज में हादसा
उत्तर प्रदेश में सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान अलग-अलग हुए हादसों में गंगा में पांच कांवड़िये डूब गए। शाहजहांपुर के चार कांवड़िये फर्रुखाबाद में गंगा स्नान करते समय बह गए, जबकि कासगंज के लहरा गंगा घाट पर स्नान के दौरान एक कांवड़िये डूबने से जान चली गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, होटल मालिक गिरफ्तार
सोमवार को पूजा के लिए अनेक लोग तारापीठ पहुंचे थे। इसमें से कुछ मंदिर के पास स्थित पांच मंजिला होटल बिदेशिनी में ठहरे थे, जहां सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे आग लग गई। इसमें दो बच्चों समेत आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
मरने वालों में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कई लोग झुलस भी गए और कई धुएं के चलते बीमार पड़ गए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने होटल मालिक कल्याण पाल को गिरफ्तार कर लिया है। होटल में अग्निशमन व्यवस्था, निकास द्वार और सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की जा रही है।
